Facebook COO: कौन हैं शेरिल सैंडबर्ग जिनके इस्तीफे के बाद एक युग खत्म हो गया?

प्रदीप पाण्डेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीप्रदीप पाण्डेय
Thu, 02 Jun 2022 02:38 PM IST
सार

शेरिल सैंडबर्ग 2008 से फेसबुक के साथ थीं यानी मेटा के साथ शेरिल सैंडबर्ग का 14 साल का लंबा सफर खत्म हो गया है।

Who Is Sheryl Sandberg who step down from Facebook COO All you need to know
sheryl sandberg - फोटो : Instagram

    विस्तार

    फेसबुक की पेरेंट कंपनी मेटा की सीओओ (चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर) शेरिल सैंडबर्ग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मेटा में शेरिल सैंडबर्ग का ओहदा दूसरे नंबर का था। शेरिल सैंडबर्ग 2008 से फेसबुक के साथ थीं यानी मेटा के साथ शेरिल सैंडबर्ग का 14 साल का लंबा सफर खत्म हो गया है। शेरिल सैंडबर्ग के इस्तीफे को एक युग के खत्म होने के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि शेरिल सैंडबर्ग के कार्यकाल में फेसबुक (मेटा) ने फर्श से अर्श तक का सफर तय किया है, हालांकि शेरिल के कंपनी छोड़ने की वजह का खुलासा अभी नहीं हुआ है। शेरिल सैंडबर्ग की गिनती सिलिकॉन वैली की सबसे ताकतवर महिलाओं में होती है। आइए जानते हैं इनके बारे में कुछ खास बातें...

    शेरिल सैंडबर्ग सिलिकॉन वैली की सबसे सफल महिलाओं में से एक हैं। उन्होंने मेटा से पहले गूगल, एपल और याहू जैसी कंपनियों में अपनी सेवा दी है। उन्होंने महिलाओं पर केंद्रित कई किताबें भी लिखी हैं। 2022 तक सैंडबर्ग की संपत्ति करीब 2 बिलियन डॉलर हो गई है और फोर्ब्स की प्रभावशाली महिलाओं की सूची में वे टॉप पर रही हैं, हालांकि 2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रूस की दखलंदाजी और क्रैम्ब्रिज एनालिटिका डेटा स्कैंडल की वजह से वे आलोचना की शिकार भी हो चुकी हैं।

    2012 में टाइम मैगजीन ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे ताकतवर लोगों में शुमार किया था। फार्च्यून और फोर्ब्स जैसी मैगजीन्स ने भी उन्हें दुनिया के प्रभावशाली लोगों में शुमार किया है। 2013 में 'लीन इन:विमेन, वर्क, एंड दी विल टू लीड' नाम से उनकी किताब भी आई थी। इसमें शेरिल ने काम और निजी जिंदगी के बीच संतुलन की बात कही है।

    2015 में फेसबुक को सबसे अधिक फायदा हुआ था। इस साल कंपनी ने करीब 3.7 बिलियन डालर यानी करीब 25 हजार करोड़ रुपयों का कारोबार किया था। यह सब शेरिल की मेहनत का ही नतीजा था। शेरिल फेसबुक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल होने वाली पहली महिला भी हैं। शेरिल ने अपनी पढ़ाई हावर्ड यूनिवर्सिटी से पूरी की है। फेसबुक से जुड़ने से पहले शेरिल गूगल में काम कर रहीं थीं। उन्होंने कुछ समय के लिए अमेरिकी सरकार के लिए भी काम किया है।

    मेटा में लंबे समय से काम कर रहे जेवियर ओलिवन को अब सीओओ बनाया गया है यानी जेवियन शेरिल सैंडबर्ग की जगह लेंगे। ओलिवन, उत्तरी स्पेन के पाइरेनीस क्षेत्र में पले-बढ़े हैं और उन्होंने नवार्रा विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल और औद्योगिक इंजीनियरिंग में डिग्री के अलावा स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से बिजनेस मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। 2007 के अंत में फेसबुक से जुड़ने से पहले ओलिवन अंतरराष्ट्रीय विकास के प्रमुख के रूप में काम कर रहे थे। 44 वर्षीय ओलिवन ने जापान के एनटीटी और सीमेंस में काम किया है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें