जेफ बेजोस की जगह लेने वाले अमेजन के CEO एंडी के बारे में ये बातें जानकर हैरान हो जाएंगे

दुनिया के सबसे अमीर शख्स के पद पर काबिज जेफ बेजोस अब अमेजन के चीफ एग्जेक्यूटिव (CEO) का पद छोड़ने जा रहे हैं। जेफ बेजोस करीब तीन दशक से इस पद पर थे। कंपनी के अन्य हिस्सों पर ध्यान देने के लिए बेजोस अपना पद छोड़ रहे हैं। सीईओ का पद छोड़ने के बाद वे एग्जेक्यूटिव चेयरमैन बनेंगे। जेफ बेजोस के बाद अमेजन के सीईओ का पद एंडी जैसी संभालेंगे जो कि फिलहाल कंपनी में दूसरे नंबर पर हैं।
कर्मचारियों को चिट्ठी के जरिए मिली जानकारी
अमेजन के सीईओ के पद से जेफ बेजोस के जाने की खबर कंपनी के कर्मचारियों एक चिट्ठी के जरिए मिली। जेफ बेजोस ने अपनी चिट्ठी में लिखा, 'अमेजन के सीईओ के पद पर होना एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसमें बहुत वक्त लगाना पड़ता है। ऐसे में किसी दूसरे काम में ध्यान लगाना मुश्किल होता है। एग्जेक्यूटिव चेयरमैन बनने के बाद मैं कंपनी के अन्य कामों को भी देख सकूंगा।'
रिटायर नहीं हो रहे बेजोस
चिट्ठी में बेजोस ने साथ तौर पर कहा है कि वे रिटायर नहीं हो रहे हैं, बल्कि कंपनी के दूसरे हिस्से जैसे ब्लू ओरिजिन, द वॉशिंगटन पोस्ट पर काम करेंगे। बेजोस के मुताबिक इनमें काफी संभावनाएं हैं। बता दें कि 57 वर्षीय जेफे बेजोस ने साल 1994 में अमेजन की शुरुआत की थी। उस दौरान अमेजन सिर्फ एक ऑनलाइन किताब बेचने वाला स्टोर था, लेकिन आज 26 साल बाद अमेजन में 13 लाख से अधिक लोग काम करते हैं और कंपनी क्लाउड सर्विस के साथ-साथ पैकेज डिलीवरी, ऑनलाइन वीडियो स्ट्रीमिंग, ऑनलाइन शॉपिंग जैसी सेवाएं दे रही है।
कौन हैं जेफ बेजोस की जगह लेने वाले एंडी जैसी
एंडी जैसी फिलहाल अमेजन के 'क्लाउड कम्यूटिंग बिजनेस' को संभाल रहे हैं। बेजोस ने कर्मचारियों को लिखे एक पत्र में एंडी का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा है कि जितने समय से वे कंपनी में हैं, एंडी भी उतने ही वक्त से कंपनी में हैं। बेजोस ने लिखा कि एंडी पर उन्हें पूरा भरोसा है। वे एक शानदार लीडर हैं। एंडी जैसी का अमेजन का सीईओ बनना भी इस बात को दर्शाता है कि अमेजन की क्लाउड बिजनेस उसके लिए कितना महत्वपूर्ण है।
परीक्षा के दो दिन बाद अमेजन में ज्वाइनिंग
अमेजन की शुरुआत 1994 में हुई थी और एंडी ने 1997 में ज्वाइन किया था। एंडी ने हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से एमबीए किया है। आपको जानकारी होगी कि दो मई 1997 को एंडी ने हार्वर्ड बिजनेस स्कूल की आखिरी परीक्षा दी और उसके दो दिन बाद यानी सोमवार को उन्होंने अमेजन ज्वाइन कर ली थी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि साल 2006 में एंडी ने ही 'अमेजन वेब सर्विसेज' की स्थापना की थी और आज अमेजन वेब सर्विसेज का मुकाबला माइक्रोसॉफ्ट के अजयूर और अल्फाबेट के गूगल क्लाउड से है। साल 2016 में एंडी को अमेजन वेब सर्विसेज का सीईओ बनाया गया था।
सोशल मीडिया से दूर रहते हैं एंडी
आप भले ही सोशल मीडिया को खासा तवज्जो देते होंगे लेकिन एंडी जैसी सोशल मीडिया से दूर रहते हैं। कभी-कभार ही एंडी को सोशल मीडिया इस्तेमाल करते हुए देखा जाता है और वह भी सिर्फ ट्विटर। एंडी का अधिकतर वक्त नई-नई चीजों के इनोवेशन में जाता है। अमेजन में एंडी को एक रॉकस्टार के रूप में जाना जाता है। कुल मिलाकर कहा जाए तो जेफ बेजोस और एंडी जैसी अमेजन के लिए हेड और टेल हैं।