सोशल मीडिया: ओवरसाइट बोर्ड के समक्ष अनुभवों को साझा करेंगी फ्रांसिस, बोलीं- फेसबुक झूठ बोलता है, मैं सच बताऊंगी
फ्रांसिस हॉगन ने ट्विटर पर लिखा है कि मैं जल्द ही ओवर साइट बोर्ड से मिलूंगी और अपने अनुभवों को साझा करूंगी।

विस्तार
फेसबुक के कंटेंट पर सवाल खड़े करने वालीं पूर्व कर्मचारी फ्रांसिस हॉगन अलगे सप्ताह फेसबुक ओवरसाइट बोर्ड के समक्ष अपनी बात रखेंगी। इस दौरान वह फेसबुक में काम के दौरान अनुभवों को भी साझा करेंगी। यह बात फ्रांसिस हॉगन ने अपने ट्विटर हैंडल पर साझा की है। उन्होंने बताया है कि फेसबुक ओवरसाइट बोर्ड का निमंत्रण उन्होंने स्वीकार कर लिया है। मैं वहां अपने अनुभवों को साझा करूंगी। फेसबुक बोर्ड के समक्ष हमेशा झूठ रखता है, लेकिन मैं सच बताऊंगी।
फेसबुक ओवरसाइट बोर्ड एक स्वतंत्र निकाय है, जो फेसबुक और इंस्टाग्राम के कंटेंट पर स्वतंत्र विचार रखता है और उसे नियंत्रित करता है। इस बोर्ड में दुनिया भर के 40 सदस्य होते हैं। फ्रांसिस के आरोपाें के बाद मार्क जुकरबर्ग का बयान भी सामने आया था। उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि कंपनी का ध्यान हमेशा यूजर्स की सुरक्षा पर होता है।
सीनेट के सामने फेसबुक की खोली थी कलई
हाल ही में फ्रांसिस हॉगन ने सीनेट की एक समिति का जवाब देते हुए फेसबुक पर कई आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि फेसबुक अपने फायदे के लिए ऐसे कंटेंट का इस्तेमाल कर रहा है, जिससे लोगों की स्वतंत्रता को खतरा पैदा हुआ है। उन्होंने कहा था कि फेसबुक के कंटेंट से युवाओं और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। जानबूझ कर ऐसा कंटेंट फैलाया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक विचारों को हानि पहुंचे।
फेसबुक की रह चुकी हैं पूर्व कर्मचारी
फ्रांसिस फेसबुक की पूर्व कर्मचारी रह चुकी हैं। उन्होंने एक साक्षात्कार के दौरान कहा था कि मैंने यह कंपनी इसलिए ज्वाइन की थी क्योंकि मुझे लगा था कि मैं इसके सहारे लोगों की सेवा कर सकती हूं, लेकिन यहां ऐसा कंटेंट फैलाया जा रहा था जिससे सार्वजनिक सुरक्षा का खतरा पैदा होता है। इसलिए उन्होंने कंपनी छोड़ भी दी थी। इस दौरान उन्होंने कंपनी के कई दस्तावेज सार्वजनिक किए थे, जिसके बाद फेसबुक के शेयर काफी गिर गए थे।