Cyber Alert: व्हाट्सएप वेब यूजर्स सावधान, एक गलत क्लिक से लीक हो सकती है आपकी चैट; जानें कैसे रहें सुरक्षित
WhatsApp Security:
क्या आप भी व्हाट्सएप वेब का इस्तेमाल करते हैं और बिना सोचे समझें कोई भी फाइल डाउनलोड कर लेते हैं? तो सावधान हो जाइए। क्योंकि साइबर एजेंसी ने नए स्कैम को लेकर चेतावनी जारी की है, जिसमें एक क्लिक से आपकी चैट और अकाउंट दोनों खतरे में पड़ सकते हैं। आइए जानते हैं यह स्कैम कैसे काम करता है और आप इससे कैसे बच सकते हैं...

विस्तार
WhatsApp Web Scam:
व्हाट्सएप वेब यूजर्स सावधान हो जाइए। भारतीय साइबर सुरक्षा एजेंसियों ने एक नए साइबर स्कैम को लेकर चेतावनी जारी की है। जिसमें कहा गया है कि साइबर अपराधी .exe और .dll फाइलों के जरिए यूजर्स के व्हाट्सएप वेब सेशन को हाईजैक करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में एक छोटी-सी लापरवाही आपकी निजी चैट, कॉन्टैक्ट्स और अकाउंट की सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है।
नया WhatsApp Web स्कैम क्या है ?
भारतीय गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले साइबरदोस्त (I4C) के अनुसार, स्कैमर्स यूजर्स को व्यू डिटेल्स, इनवॉइस डॉक्यूमेंट और स्टेटमेंट जैसे नामों वाली फाइलें भेज रहे हैं।
ये फाइल्स देखने में सामान्य लगती हैं, लेकिन इनमें .exe या .dll फाइलें छिपी होती हैं। जैसे ही कोई यूजर इन्हें डाउनलोड करके चलाता है, हमलावर उसके व्हाट्सएप वेब सेशन तक पहुंच बना सकते हैं।
डाउनलोड करने पर क्या हो सकता है?
अगर आपने गलती से भी ऐसी फाइल को इंस्टॉल कर लिया है, तो साइबर अपराधी आपके कई निजी डेटा तक पहुंच बना सकते हैं। जैसे की व्हाट्सएप वेब सेशन का कंट्रोल, पूरी चैट हिस्ट्री, कॉन्टैक्ट लिस्ट और अकाउंट से जुड़ी अन्य जानकारी । यानी एक फाइल डाउनलोड करने की गलती आपकी डिजिटल प्राइवेसी के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
कैसे रहें सुरक्षित?
- किसी भी अनजान स्रोत से आई .exe या .dll फाइल कभी न खोलें।
- व्हाट्सएप वेब का काम पूरा होने के बाद लॉगआउट करना न भूलें।
- अपने अकाउंट में दो-चरणीय सत्यापन (2FA) जरूर चालू रखें।
- किसी भी संदिग्ध लिंक या फाइल को तुरंत रिपोर्ट करें।
अगर साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाएं तो क्या करें?
- अगर आपको लगता है कि आपके साथ साइबर धोखाधड़ी हुई है, तो बिना देर किए 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें।
- इसके अलावा, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।