व्हाट्सएप इवेंट फीचर से इनवाइट करना हुआ आसान: बिना अकाउंट वाले भी दे सकेंगे जवाब, क्या है नए अपडेट की खासियत?
अगर आप भी इस दिवाली अपने रिश्तेदारों या दोस्तों को एक साथ ही इनवाइट भेजना चाहते हैं, तो आपके लिए काम की खबर है। फेस्टिव सीजन से ठीक पहले व्हाट्सएप ने अपने इवेंट्स फीचर में एक बहुत बड़ा अपडेट रोलआउट किया है। इस नए अपडेट के बाद अब आप उन लोगों को भी इवेंट का निमंत्रण भेज सकेंगे, जिनके फोन में व्हाट्सएप अकाउंट नहीं है। आइए जानते हैं कैसे...

विस्तार
व्हाट्सएप पर दोस्तों की पार्टी हो या परिवार का कोई खास कार्यक्रम, लोगों को बुलाने और उनकी मौजूदगी कंफर्म करने के लिए अब तक व्हाट्सएप अकाउंट की जरूरत पड़ती थी, लेकिन अब यह प्रक्रिया आसान हो गई है। व्हाट्सएप ने अपने इवेंट फीचर में बदलाव किया है, जिसके बाद यूजर्स उन लोगों को भी इवेंट का निमंत्रण भेज सकेंगे, जिनका इस प्लेटफॉर्म पर अकाउंट नहीं है। खास बात यह है कि ऐसे लोग व्हाट्सएप इंस्टॉल किए बिना भी ब्राउजर के जरिए इनविटेशन का जवाब दे सकेंगे। इसके साथ ही कंपनी इवेंट होम नाम का नया सेक्शन भी ला रही है, जहां यूजर्स अपने बनाए और मिले सभी इवेंट्स को एक जगह देख सकेंगे। ये सुविधाएं आने वाले हफ्तों में धीरे-धीरे रोलआउट की जाएंगी।
फीचर की खासियत क्या है?
कंपनी के अनुसार, इस फीचर की खासियत कुछ इस प्रकार है...
- यूजर्स इवेंट बनाते समय अपनी पसंद की कवर फोटो लगा सकेंगे।
- इवेंट का इनविटेशन वेब लिंक के जरिए शेयर किया जा सकेगा।
- लिंक पाने वाला व्यक्ति इसे अपने ब्राउजर में खोलकर इवेंट की पूरी जानकारी देख सकेगा।
- बिना व्हाट्सएप इंस्टॉल किए भी इवेंट में शामिल होने का जवाब दे सकेगा।
- इनविटेशन का जवाब देने के लिए गेस्ट को अपना नाम और मोबाइल नंबर देना होगा।
RSVP के लिए मिलेंगे तीन विकल्प
व्हाट्सएप ने इवेंट में शामिल होने की स्थिति बताने के लिए तीन विकल्प दिए हैं। इनके जरिए गेस्ट आसानी से बता सकेंगे कि वे कार्यक्रम में पहुंचेंगे या नहीं।
- गोइंग (Going): अगर कोई व्यक्ति इवेंट में शामिल होना चाहता है।
- मेबी (Maybe):अगर अभी शामिल होने को लेकर फैसला नहीं हुआ है।
- नॉट गाेइंग (Not Going):अगर कोई व्यक्ति इवेंट में शामिल नहीं हो पाएगा।
इन जवाबों की मदद से आयोजक यह जान सकेंगे कि कितने लोग कार्यक्रम में आने वाले हैं। साथ ही, वे सभी इनवाइट किए गए लोगों का अटेंडेंस स्टेटस भी देख सकेंगे।
इवेंट होम फीचर क्या है?
- व्हाट्सएप का दूसरा बड़ा बदलाव इवेंट होम है। अक्सर यूजर्स कई ग्रुप चैट्स में अलग-अलग कार्यक्रमों के इनविटेशन पाते हैं। ऐसे में किसी पुराने इवेंट की जानकारी या उसकी तारीख दोबारा ढूंढना मुश्किल हो जाता है। इसी परेशानी को दूर करने के लिए कंपनी ने इवेंट होम सेक्शन पेश किया है।
- इसमें यूजर्स अपने बनाए हुए और दूसरे लोगों की ओर से मिले सभी इवेंट्स की जानकारी एक जगह देख सकेंगे। इसमें आने वाले कार्यक्रमों के साथ पहले हो चुके इवेंट्स की लिस्ट भी दिखाई देगी।
इवेंट्स होम का इस्तेमाल कैसे करें?
अगर आप भी इस दिवाली या किसी और कार्यक्रम के लिए इवेंट होम का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो इसके लिए व्हाट्सएप की सेटिंग्स में जाकर इवेंट्स सेक्शन पर जाना होगा। यहां आपको अपने इवेंट्स की जानकारी एक जगह मिल जाएगी।
आयोजकों को भी मिलेंगे ये नए कंट्रोल
इसके साथ ही इवेंट्स होम के साथ आयोजकों के लिए भी कुछ सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इससे उन्हें कार्यक्रम की तैयारियों और मेहमानों की मौजूदगी पर नजर रखने में आसानी होगी।
- आरएसवीपी ट्रैकिंग:आयोजक देख सकेंगे कि किसने इवेंट में आने की पुष्टि की है और किसने मना किया है।
- प्लस-वन की सुविधा:आयोजक मेहमानों को अपने साथ एक अतिरिक्त व्यक्ति लाने की अनुमति दे सकेंगे।
- पर्सनलाइज्ड रिमाइंडर:इवेंट में शामिल होने वाले लोगों को उनकी जरूरत के हिसाब से रिमाइंडर सेट कर सकेंगे।
कंपनी का क्या कहना है?
कंपनी के अनुसार, ये सभी बदलाव आने वाले हफ्तों में धीरे-धीरे यूजर्स के लिए उपलब्ध होंगे। नए अपडेट से व्हाट्सएप पर मीटिंग, पार्टी और फैमिली गेट-टुगेदर जैसे कार्यक्रमों की प्लानिंग करना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है।