वॉट्सएप ला सकता है अपना क्लाउड बैकअप: चुनिंदा आईफोन यूजर्स पर टेस्टिंग शुरू, इससे क्या बदलेगा?
- वॉट्सएप आईफोन यूजर्स के लिए iCloud के विकल्प के तौर पर अपना क्लाउड बैकअप टेस्ट कर रहा है।
- रिपोर्ट के मुताबिक इसमें 2GB फ्री स्टोरेज मिलेगी, और पैसे देकर 4TB तक जगह ली जा सकेगी।
- यह बैकअप सीधे एंड्रॉइड पर रीस्टोर नहीं होगा, और फीचर अभी चुनिंदा यूजर्स को ही दिख रहा है।

विस्तार
आईफोन पर वॉट्सएप चैट का बैकअप अब तक एपल के आईक्लाउड में जाता रहा है, और वहां जगह कम पड़ जाए तो झंझट खड़ा हो जाता है। अब वॉट्सएप अपना क्लाउड स्टोरेज टेस्ट कर रहा है, जिसमें बैकअप उसके अपने सर्वर पर रखा जा सकेगा। यह फीचर कुछ चुनिंदा iPhone यूजर्स को ही दिख रहा है। आइए जानते हैं कि इसमें कितनी जगह मिलेगी, सुरक्षा कैसी है और किन बातों का ध्यान रखना होगा।
बीटा में दिखा नया ऑप्शन
WABetaInfo के मुताबिक यह फीचर iOS के वॉट्सएप बीटा वर्जन 26.45.10.71 में दिखा है, जो Apple के TestFlight के जरिए बांटा जाता है। बीटा में रास्ता सेटिंग्स, चैट्स और फिर चैट बैकअप का है, जहां 'बैकअप प्रोवाइडर' नाम का हिस्सा है। यहां यूजर WhatsApp के अपने क्लाउड स्टोरेज और iCloud में से एक चुन सकते हैं। यह फीचर अभी सबके लिए नहीं है। कंपनी इसे खाता-दर-खाता चालू कर रही है, इसलिए एप का नया वर्जन होने पर भी ऑप्शन फौरन न दिखे तो हैरान न हों। सार्वजनिक रोलआउट की कोई तारीख वॉट्सएप ने नहीं बताई है।
आईक्लाउड में स्टोरेज की किल्लत क्यों?
आईफोन पर अभी वॉट्सएप का बैकअप आईक्लाउड में ही जमा होता है, लेकिन Apple की मुफ्त 5GB जगह सिर्फ WhatsApp के लिए नहीं होती। उसी में डिवाइस बैकअप, फोटो, फाइलें और एप डेटा भी आते हैं। यानी WhatsApp के लिए कितनी जगह बचेगी, यह इस पर टिका है कि बाकी चीजों ने कितनी घेर रखी है। फोटो, वीडियो, वॉयस नोट और दस्तावेज जुड़ते जाते हैं तो बैकअप भारी होता जाता है। जगह खत्म हो जाए तो पुरानी फाइलें मिटानी पड़ती हैं या iCloud का स्टोरेज खरीदना पड़ता है। इसी झंझट से बचाने की कोशिश यह नया विकल्प है।
2GB फ्री, पैसे देकर 4TB तक
स्टोरेज का हिसाब रिपोर्ट के मुताबिक कुछ ऐसा है
- फ्री: 2GB जो सिर्फ वॉट्सएप बैकअप के लिए रहेगी और iCloud की जगह में नहीं गिनी जाएगी।
- वॉट्सएप प्लस: सब्सक्राइबर्स को 100GB तक मिल सकता है।
- मेटा वन: प्लान के हिसाब से 4TB तक।
- तुलना: एपल की मुफ्त 5GB कई सेवाओं में बंटी रहती है, इसलिए दोनों की सीधी बराबरी नहीं हो सकती।
- भारी चैट वाले: फोटो और वीडियो ज्यादा भेजने वालों की 2GB जल्दी भर सकती है।
- पक्की जानकारी: कीमत और शर्तों की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।
एन्क्रिप्शन जरूरी, पासकी या 64 अंकों की चाबी
WhatsApp के अपने क्लाउड पर बैकअप रखने के लिए एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन को कथित तौर पर जरूरी बनाया जा रहा है, जबकि iCloud में यह अलग से चालू करना पड़ता है। सेटअप में दो तरीके दिखे हैं: पासकी, जिसके साथ iPhone पर फेस आईडी से पुष्टि हो सकती है, या 64 अंकों की एन्क्रिप्शन चाबी। यहां सावधानी जरूरी है, क्योंकि पासकी या चाबी खो गई तो बैकअप सर्वर पर होते हुए भी उसे रीस्टोर करना मुश्किल या नामुमकिन हो सकता है। इसलिए सेटअप के वक्त इन्हें संभालकर रखें।
दो बातें, जो पहले जान लें
दो बातें खास तौर पर ध्यान रखने की हैं। पहली, रिपोर्ट के मुताबिक वॉट्सएप के इस नए क्लाउड बैकअप को iPhone से सीधे एंड्रॉइड फोन पर रीस्टोर नहीं किया जा सकेगा। फोन बदलना हो तो वॉट्सएप की चैट ट्रांसफर वाली अलग सुविधा ही इस्तेमाल करनी होगी। दूसरी पेड प्लान खत्म होने के बाद बैकअप चार महीने तक सर्वर पर रहेगा, और उसके बाद सब्सक्रिप्शन रिन्यू न हुआ तो हमेशा के लिए मिट जाएगा। फिलहाल iCloud ही स्थापित विकल्प है, जबकि WhatsApp का अपना स्टोरेज टेस्टिंग में है।