सावधान! WhatsApp पर भेजे गए मीडिया फाइल्स में हैकर्स कर सकते हैं हेराफेरी

यदि आपको लगता है कि व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे इंस्टैंट मैसेजिंग एप एंड-टू-एंड एंक्रिप्टेड हैं तो आपको एक बार फिर से सोचने की जरूरत है, क्योंकि सिक्योरिटी फर्म Symantec के शोधकर्ताओं ने दावा किया है कि व्हाट्सएप और टेलीग्राम एप में एक बग है जिसकी मदद से कोई भी हैकर्स लोगों द्वारा भेजी गई मीडिया फाइल्स को एडिट कर सकता है और उसमें हेराफेरी कर सकता है। शोधकर्ताओं ने इस बग को मीडिया फाइल जैकिंग नाम दिया है।
शोधकर्ताओं द्वारा अपने ब्लॉग में दी गई जानकारी के मुताबिक व्हाट्सएप मीडिया फाइल को एक्सटर्नल स्टोरेज में सेव करता है। वहीं टेलीग्राम गैलरी में सेव करता है। ऐसे में इन दोनों में से कोई भी एप मीडिया फाइल पर नजर नहीं रखती हैं। ऐसे में इन मीडिया फाइल्स पर जैकिंग अटैक हो सकता है और फाइल को एडिट किया जा सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बग का फायदा उठाकर हैकर्स फाइल का गलत इस्तेमाल कर सकता है और फोटो-वीडियो में अपने हिसाब से एडिटिंग कर सकता है। रिपोर्ट के दावे के मुताबिक इस बग के कारण किसी डॉक्यूमेंट, इन-वॉयस और ऑडियो फाइल में एडिटिंग संभव है। शोधकर्ताओं ने उदाहरण देकर भी इसे समझाया है। उन्होंने बताया कि एक थर्ड पार्टी एप के जरिए फाइल्स को जैकिंग अटैक का शिकार बनाया जा सकता है।