व्हाट्सएप में बड़ी सुरक्षा चूक: एक मैसेज से हैक हो सकता है आपका फोन, सीईआरटी-इन ने जारी किया हाई अलर्ट

कुलदीप शर्मा
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीकुलदीप शर्मा
Fri, 27 Nov 2026 01:09 PM IST
सार
  • सीईआरटी-इन ने व्हाट्सएप में पांच सुरक्षा खामियों को लेकर अलर्ट जारी किया।
  • हैकर्स खास मैसेज, लिंक और अटैचमेंट के जरिए फोन की निजी जानकारी तक पहुंच सकते हैं।
  • कुछ खामियों से व्हाट्सएप का डेटा डिलीट होने और IP एड्रेस लीक होने का खतरा है।
WhatsApp Security Alert CERT In Warns of 5 Critical Flaws Update Your App Now
प्रतीकात्मक इमेज - फोटो : ai generated

    विस्तार

    WhatsApp पर आने वाला एक मैसेज आपकी निजी जानकारी के लिए खतरा बन सकता है। भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने मैसेजिंग एप में कई गंभीर सुरक्षा खामियों को लेकर हाई-सीवियरिटी अलर्ट जारी किया है। एजेंसी के मुताबिक इन कमियों का फायदा उठाकर हैकर्स फोन में मौजूद जानकारी तक पहुंच सकते हैं। कुछ मामलों में व्हाट्सएप का डेटा डिलीट होने का खतरा भी है। ऐसे में यूजर्स को तुरंत एप अपडेट करने की सलाह दी गई है।

    WhatsApp में मिलीं पांच सुरक्षा खामियां

    CERT-In ने 26 नवंबर को जारी अपनी एडवाइजरी में व्हाट्सएप के अलग-अलग प्लेटफॉर्म से जुड़ी पांच कमजोरियों का जिक्र किया है। ये खामियां एंड्रॉइड, आईओएस, मैक और विंडो यूजर्स को प्रभावित कर सकती हैं। हैकर्स खास तरीके से तैयार किए गए मैसेज, अटैचमेंट या लिंक भेजकर इनका फायदा उठा सकते हैं। एजेंसी ने आम लोगों के साथ कंपनियों और दूसरे संस्थानों को भी व्हाट्सएप का लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल करने की सलाह दी है। इन खामियों की गंभीरता को देखते हुए यूजर्स को अनजान मैसेज और फाइल खोलने में सावधानी बरतने की जरूरत है।

    एक मैसेज से डिलीट हो सकता है व्हाट्सएप डेटा

    CERT-In की एडवाइजरी में बताई गई पहली खामी CVE-2026-102769 है। इसमें खास तरीके से तैयार किया गया 'ऑर्डर डिटेल्स' मैसेज एंड्रॉइड यूजर्स के लिए खतरा बन सकता है। अगर यूजर इस मैसेज पर टैप करता है, तो SQL इंजेक्शन की मदद से फोन में स्थानीय रूप से सेव व्हाट्सएप फाइलें डिलीट हो सकती हैं। इसके अलावा, मैसेज डिलीवर होने के समय और क्रैश की स्थिति से हैकर चैट डेटाबेस से जुड़ी सीमित जानकारी का अंदाजा लगा सकता है। हालांकि व्हाट्सएप ने कहा है कि उसे इस खामी के गलत इस्तेमाल का कोई सबूत नहीं मिला है।

    मेटा एआई और विज्ञापन वाले लिंक से भी खतरा

    • दूसरी खामी CVE-2026-44908 है। इसमें मेटा एआई के कंप्यूटिंग सिस्टम से जुड़ी सर्टिफिकेट जांच में कमी थी, जिससे मेटा के इंफ्रास्ट्रक्चर के भीतर मौजूद व्यक्ति सुरक्षा व्यवस्था को दरकिनार कर सकता था।
    • तीसरी खामी CVE-2026-23871 Android पर विज्ञापन के जवाब में आने वाले लिंक से जुड़ी है। इसके जरिए हैकर के नियंत्रण वाले पते से मीडिया लोड हो सकता है और यूजर का IP एड्रेस सामने आ सकता है।
    • व्हाट्सएप ने दूसरी खामी के गलत इस्तेमाल का कोई सबूत नहीं मिलने की बात कही है। तीसरी खामी का कुछ स्पैम मैसेज के साथ इस्तेमाल होने की आशंका जताई गई है।

    फोटो और फाइल के बहाने भी हो सकता है हमला

    एडवाइजरी में दो अन्य कमजोरियों का भी जिक्र है, जिनकी जानकारी व्हाट्सएप ने मई में दी थी। इनमें CVE-2026-23866 ऐसी खामी है, जिसमें इंस्टाग्राम रील के बारे में खास तरीके से तैयार किया गया AI रिस्पॉन्स एंड्रॉइड या आईओस डिवाइस को हैकर के दिए गए लिंक से खतरनाक कंटेंट लोड करने के लिए मजबूर कर सकता है। वहीं, CVE-2026-23863 विंडो यूजर्स के लिए जोखिम पैदा करती है। इसमें कोई खराब अटैचमेंट देखने में एक सामान्य फाइल जैसा लग सकता है, लेकिन खोलने पर वह एक्जीक्यूटेबल प्रोग्राम की तरह चल सकता है। व्हाट्सएप के मुताबिक, इन दोनों खामियों के इस्तेमाल का भी कोई सबूत नहीं मिला है।

    व्हाट्सएप वेब को लेकर भी पहले जारी हुई थी चेतावनी

    CERT-In की यह चेतावनी भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की हालिया एडवाइजरी के बाद आई है। I4C ने बताया था कि व्हाट्सएप वेब इस्तेमाल करने के बाद सिर्फ ब्राउजर टैब बंद कर देना अकाउंट से लॉगआउट होने के बराबर नहीं है। अगर किसी दूसरे व्यक्ति को उस कंप्यूटर तक पहुंच मिल जाए, तो वह आपकी चैट पढ़ सकता है, आपके नाम से मैसेज भेज सकता है और धोखाधड़ी कर सकता है। एजेंसी ने यूजर्स को व्हाट्सएप वेब से मैन्युअल तरीके से लॉगआउट करने और सार्वजनिक या साझा कंप्यूटर पर इसका इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने को कहा है।