अब समय से पहुंचेगा हर जरूरी संदेश: व्हाट्सएप में जल्द आ सकता है नया मैसेज शेड्यूलिंग फीचर, कैसे करेगा काम?
भागदौड़ भरी जिंदगी में कई बार इंसान कितना भी जरूरी काम क्यों न हो, सही समय का ध्यान न रहने की वजह से चूक जाता है, लेकिन अब यूजर्स की यह समस्या खत्म होने वाली है। क्योंकि व्हाट्सएप जल्द ही एक ऐसा कमाल का शेड्यूलिंग फीचर लॉन्च करने वाला है, जिससे आप अपने टेक्स्ट मैसेज, फोटो, वीडियो और लिंक्स को पहले से ही तय समय के लिए सेट कर सकेंगे। आइए जानते हैं इस फीचर के बारे में सबकुछ...

विस्तार
व्हाट्सएप (WhatsApp) अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक लंबे समय से एक शानदार फीचर लाने की तैयारी में है। अब जीमेल (Gmail) की तरह ही व्हाट्सएप पर भी मैसेज, फोटो, वीडियो और लिंक्स को पहले से ही शेड्यूल किया जा सकेगा। यानी आप तारीख और समय तय कर दीजिए, तय वक्त पर आपका मैसेज खुद-ब-खुद डिलीवर हो जाएगा, भले ही आपका फोन इंटरनेट से कनेक्ट न हो या एप बंद पड़ा हो। आइए जानते हैं यह फीचर कब आ सकता है और कैसे काम करेगा...
कैसे काम करेगा व्हाट्सएप का नया फीचर?
- व्हाट्सएप खोलकर उस व्यक्ति या ग्रुप की चैट पर जाएं, जिसे मैसेज भेजना है।
- अपना मैसेज टाइप करें और शेड्यूलिंग विकल्प चुनें।
- मैसेज भेजने की तारीख और समय सेट करें।
- तय जानकारी की पुष्टि करके मैसेज शेड्यूल कर दें।
- इसके बाद मैसेज निर्धारित समय पर अपने आप भेजा जा सकेगा।
- रिपोर्ट्स में टेक्स्ट के अलावा फोटो, वीडियो और लिंक शेड्यूल करने की सुविधा का भी जिक्र है। हालांकि, फीचर के अंतिम वर्जन में इसका तरीका और उपलब्ध विकल्प बदल सकते हैं।
10 मिनट से लेकर 14 दिन तक का समय चुनने का दावा
- रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फीचर में यूजर्स को मैसेज भेजने का समय चुनने की सुविधा मिल सकता है। दावा किया जा रहा है कि मैसेज को कम से कम दस मिनट बाद से लेकर अगले 14 दिनों के भीतर किसी भी समय के लिए शेड्यूल किया जा सकेगा।
- इससे कई काम आसान हो सकते हैं। जैसे मान लीजिए आप रात में ही अगले दिन सुबह भेजे जाने वाला मैसेज तैयार कर सकते हैं। किसी दोस्त के जन्मदिन पर शुभकामना भेजनी हो या ऑफिस के ग्रुप में किसी तय समय पर जानकारी साझा करनी हो, तो मैसेज पहले से सेट किया जा सकेगा।
- फोटो या वीडियो शेड्यूल करने के विकल्प में मीडिया को भेजने से पहले एडिट करने और कैप्शन जोड़ने की सुविधा भी मिलने की बात कही गई है। हालांकि, ये सभी विकल्प फीचर के आधिकारिक रोलआउट के बाद ही स्पष्ट होंगे।
पर्सनल चैट के साथ ग्रुप में भी कर सकेंगे इस्तेमाल
- इस फीचर का फायदा सिर्फ किसी एक व्यक्ति को मैसेज भेजने तक सीमित नहीं रहेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसे ग्रुप चैट में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। ऐसे में ऑफिस, परिवार या दोस्तों के ग्रुप में जरूरी घोषणा या रिमाइंडर पहले से तैयार करके रखा जा सकता है।
- रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि ग्रुप में शेड्यूल किया गया मैसेज भेजे जाने के समय ग्रुप के सदस्यों को दिखाई देगा। हालांकि, ग्रुप के सदस्यों में बदलाव होने पर मैसेज की उपलब्धता और डिलीवरी से जुड़े नियमों की पुष्टि फीचर के आधिकारिक रूप से आने के बाद ही हो सकेगी।
फोन का इंटरनेट बंद होने पर भी जाएगा मैसेज?
- इस फीचर को लेकर एक अहम दावा यह भी है कि मैसेज तय समय पर भेजने के लिए यूजर को उस वक्त एप खोलकर रखने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, फोन का इंटरनेट बंद होने या डिवाइस ऑफलाइन रहने पर भी मैसेज निश्चित रूप से डिलीवर हो जाएगा, इस दावे कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
- मैसेज शेड्यूल करने और उसे इंटरनेट के बिना डिलीवर करने में अंतर है। अगर मैसेज भेजने की प्रक्रिया के लिए डिवाइस या सर्वर से कनेक्शन जरूरी हुआ, तो ऑफलाइन रहने की स्थिति में डिलीवरी प्रभावित हो सकती है। इसलिए इस फीचर के काम करने के तरीके को लेकर अंतिम जानकारी WhatsApp की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल व्हाट्सएप एंड्रॉयड बीटा वर्जन में इस फीचर की टेस्टिंग कर रहा है। इसका मतलब है कि यह अभी सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है। कंपनी ने इसकी सार्वजनिक उपलब्धता की तारीख की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
अगर यह फीचर सभी यूजर्स के लिए जारी होता है, तो इससे उन लोगों को काफी सुविधा मिल सकती है जो अक्सर जरूरी मैसेज भेजना भूल जाते हैं या किसी खास समय पर संदेश पहुंचाना चाहते हैं। फिलहाल इसके आधिकारिक रोलआउट और अंतिम फीचर्स को लेकर व्हाट्सएप की घोषणा का इंतजार करना पड़ सकता है।