Explainer: क्या है Zero Day Vulnerability जिसका नाम सुनकर गूगल और माइक्रोसॉफट के भी फूल जाते हैं हाथ-पांव?
What Is Zero Day Vulnerability: जब किसी सॉफ्टवेयर, हार्डवेयर या नेटवर्क को डेवलप किया जाता है तो उसमें अक्सर कुछ खामी रह जाती है, जिसका पता डेवलपर को भी नहीं होता। साइबर हमलावर इसी खामी का फायदा उठाकर अटैक करते हैं।

विस्तार
जैसे-जैसे दुनियाभर में इंटरनेट का इस्तेमाल बढ़ रहा है, वैसे ही हैकिंग और साइबर हमलों के मामले भी बढ़ रहे हैं। साइबर हमलों से सुरक्षा हो पाए इसलिए आपको अपने फोन और कंप्यूटर में पासवर्ड, फायरवॉल या एंटिवायरस अपडेट रखने के लिए कहा जाता है। बड़ी-बड़ी टेक कंपनियां भी ऐसा ही करती हैं। हालांकि, फिर भी साइबर अपराधी किसी न किसी कमजोरी का फायदा उठाकर साइबर अटैक कर ही डालते हैं और कई अहम जानकारियां चुरा लेते हैं। पिछले साल टेक कंपनियों से लेकर बैंक और हेल्थ केयर इंडस्ट्री में तक में काम करने वाली कई कंपनियों पर साइबर अटैक हुए। इनमें से ज्यादातर हमले करोड़ों डॉलर की फिरौती की मांग के लिए किए गए थे। बड़ी कंपनियों पर तो साइबर हमलों का और अधिक खतरा रहता है।

थोड़ी सी खामी और बड़े हमले को दावत
पिछले साल क्लाउड डेटा प्लेटफॉर्म स्नोफ्लेक (Snowflake) पर साइबर हमला चर्चा का विषय रहा। साइबर अपराधियों ने स्नोफ्लेक के ही एक कर्मचारी के अकाउंट में सेंध लगाकर कंपनी के सर्वर का एक्सेस हासिल कर लिया। इसके बाद हमलावरों ने क्लाउड प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हजारों लोगों के संवेदनशील डेटा को लीक करने से रोकने के लिए कंपनी से 5 मिलियन डॉलर की फिरौती मांगी।
बड़ी कंपनियां साइबर हमलों से बचने के लिए कई तरीके अपनाती हैं। इनके सर्वर के फायरवॉल (Firewall) को हमेशा अपडेट रखा जाता है। कई कंपनियों में खासतौर पर एक टीम होती है जो हैकिंग और डेटा ब्रीच की संभावनाओं को पहचानने और उन्हें रोकने का काम करती है, लेकिन फिर भी एक छोटा-सा लूपहोल उनका सारा खेल बिगाड़ देता है। डिजिटल दुनिया में बढ़ते साइबर खतरों के बीच जीरो-डे वल्नरेबलिटी (Zero Day Vulnerability) की खूब चर्चा हो रही है। ये एक ऐसी स्थिती होती है जब कंपनी पर साइबर हमला हो जाता है और उसे पता भी नहीं चलता और जब पता चलता है तब बहुत देर हो जाती है। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि दुनियाभर की बड़ी टेक कंपनियां के लिए "जीरो-डे वल्नरेबलिटी" क्यों एक बुरे सपने जैसा है और समझेंगे कि साइबर हमलावर इसे कैसे अंजाम देते हैं।

क्या है Zero Day Vulnerability?
जब किसी सॉफ्टवेयर, हार्डवेयर या नेटवर्क को डेवलप किया जाता है तो उसमें अक्सर कुछ लूपहोल (खामी) रह जाता है। कई बार ऐसा होता है कि सॉफ्टवेयर को कई लेवल पर टेस्ट करने के बाद भी डेवलपर उसमें लूपहोल का पता नहीं लगा पाते। साइबर अटैकर इसी लूपहोल का फायदा उठाकर हमला करते हैं। लूपहोल का पता अगर समय रहते लगा लिया जाता है, तो डेवलपर उसका अपडेट (पैच) तैयार कर लेते हैं। लेकिन यदि पैच तैयार नहीं है और इस दौरान साइबर अटैक हो जाए, तो फिर कंपनी अपना बचाव करने के स्थिती में नहीं होती। इसी स्थिती को "जीरो-डे" या Zero Day Vulnerability कहा जाता है। आज गूगल से लेकर माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी टेक कंपनियां भी इससे खौफ खाती हैं।