अब AI एजेंट करेंगे आपकी तरफ से खरीदारी: क्या है ChatGPT वॉलेट, कैसे काम करेगा व किसे मिलेगा फायदा? जानें सबकुछ

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Sat, 14 Nov 2026 09:11 AM IST
सार
  • चैटजीपीटी में आया डिजिटल वॉलेट।
  • एआई एजेंट कर सकेंगे खरीदारी।
  • यूजर खुद देंगे पेमेंट की मंजूरी।
  • असली कार्ड डिटेल रहेगी सुरक्षित।
What ChatGPT Wallet? How AI Agents Shop, Pay Securely Your Behalf
ओपनएआई ने लॉन्च किया चैटजीपीटी वॉलेट फीचर - फोटो : amarujala.com

    विस्तार

    अभी तक ChatGPT का इस्तेमाल सवालों के जवाब पाने, जानकारी जुटाने, प्रोडक्ट्स की तुलना करने और रोजमर्रा के काम आसान बनाने के लिए किया जाता रहा है। लेकिन अब OpenAI इसे खरीदारी और डिजिटल पेमेंट के क्षेत्र में भी आगे बढ़ा रही है। कंपनी ने 'ChatGPT Wallet' पेश किया है। इसकी मदद से ChatGPT के AI एजेंट यूजर की ओर से ऑनलाइन खरीदारी कर सकेंगे। खास बात यह है कि इसके लिए यूजर को अपने असली कार्ड की जानकारी AI एजेंट या विक्रेता के साथ साझा नहीं करनी होगी। हर खरीदारी से पहले यूजर को पेमेंट की मंजूरी भी देनी होगी। आइए समझते हैं क्या है ChatGPT Wallet, यह कैसे काम करेगा और यूजर्स को इससे क्या फायदे मिल सकते हैं।

    चैटजीपीटी वॉलेट क्या है?

    • चैटजीपीटी वॉलेट, ओपनएआई का नया डिजिटल पेमेंट फीचर है। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि चैटजीपीटी के एआई एजेंट यूजर की ओर से ऑनलाइन खरीदारी और पेमेंट की प्रक्रिया पूरी करने में मदद कर सकें।
    • इस वॉलेट में यूजर अपने पेमेंट कार्ड सेव कर सकते हैं। इसके बाद जब वे चैटजीपीटी के जरिए कोई सामान खरीदना चाहेंगे, तो एआई एजेंट उनकी ओर से खरीदारी की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकेगा।
    • खास बात है कि इसमें यूजर को हर बार अपने कार्ड की पूरी जानकारी देने की जरूरत नहीं होगी। पेमेंट से पहले उन्हें खरीदे जाने वाले सामान, उसकी कुल कीमत और इस्तेमाल होने वाले कार्ड की जानकारी दिखाई जाएगी। इसके बाद यूजर सिक्योरिटी चेक पूरा करके खरीदारी को मंजूरी दे सकेंगे। कंपनी ने इस सुविधा को अमेरिकन एक्सप्रेस, मास्टकार्ड और वीजा के साथ मिलकर तैयार किया है।

    ChatGPT Wallet कैसे करेगा काम?

    ओपनएआई का कहना है कि चैटजीपीटी वॉलेट में पेमेंट की प्रक्रिया को सुरक्षित रखने के लिए कई स्तर बनाए गए हैं। यह कुछ इस तरह काम कर सकता है।

    • वॉलेट में सेव करना होगा कार्ड:सबसे पहले यूजर अपने पेमेंट कार्ड को चैटजीपीटी वॉलेट में सेव कर सकेंगे। कंपनी ने इसके लिए अमेरिकन एक्सप्रेस, मास्टरकार्ड और वीजा के साथ साझेदारी की है।
    • एआई एजेंट करेगा खरीदारी की तैयारी:जब यूजर चैटजीपीटी से किसी प्रोडक्ट को खरीदने के लिए कहेंगे, तो एआई एजेंट खरीदारी की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।
    • पेमेंट से पहले मिलेगी पूरी जानकारी:ट्रांजैक्शन पूरा होने से पहले यूजर को खरीदी जाने वाली चीजों, कुल रकम और चुने गए पेमेंट कार्ड की जानकारी दिखाई जाएगी।
    • सिक्योरिटी चेक के बाद मिलेगी मंजूरी:इसके बाद यूजर फेस आईडी या फिंगरप्रिंट स्कैन करेंगे। सिक्योरिटी चेक के बाद यूजर खरीददारी की मंजूरी एआई को दे सकेंगे।
    • असली कार्ड की जगह बनेगा टोकन:यूजर की मंजूरी मिलने के बाद पेमेंट नेटवर्क एक टोकन जनरेट करेगा। यह टोकन यूजर के असली कार्ड की जानकारी की जगह इस्तेमाल होगा। इससे एआई एजेंट या मर्चेंट के साथ संवेदनशील पेमेंट जानकारी साझा किए बिना ट्रांजैक्शन पूरा किया जा सकेगा।

    क्या यह फीचर सुरक्षित है?

    • एआई एजेंट के बढ़ते हस्तक्षेप को देखते हुए इस फीचर की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कंपनी का दावा है कि चैटजीपीटी वॉलेट की सबसे चाास बात इसका पेमेंट सिक्योरिटी सिस्टम है। इसमें एआई एजेंट को यूजर के असली कार्ड की जानकारी दिए बिना खरीदारी करने की सुविधा दी गई है।
    • इसके लिए पेमेंट नेटवर्क एक खास टोकन जनरेट करेगा, जो असली कार्ड की डिटेल की जगह काम करेगा। यानी ट्रांजैक्शन के दौरान कार्ड की जानकारी एजेंट या विक्रेता के साथ साझा नहीं करनी पड़ेगी।
    • इसके अलावा, हर खरीदारी से पहले यूजर को उसकी जानकारी देखकर मंजूरी देनी होगी। फेस आईडी और फिंगरप्रिंट स्कैन जैसे सिक्योरिटी चेक भी इस प्रक्रिया का हिस्सा होंगे।
    ओपनएआई ने लॉन्च किया चैटजीपीटी वॉलेट फीचर
    ओपनएआई ने लॉन्च किया चैटजीपीटी वॉलेट फीचर - फोटो : एआई जनरेटेड

    किन दिग्गजों का मिल रहा है साथ

    • ओपनएआई ने चैटजीपीटी वॉलेट को तैयार करने के लिए तीन बड़े पेमेंट नेटवर्क और कंपनियों के साथ साझेदारी की है। इनमें अमेरिकन एक्सप्रेस, मास्टरकार्ड और वीजा शामिल हैं।
    • अमेरिकन एक्सप्रेस के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और ग्लोबल इनोवेशन हेड ल्यूक गेब ने कहा कि चैटजीपीटी वॉलेट के साथ कंपनी का पहला 'अमेरिकन एक्सप्रेस एजेंटिक कॉमर्स एक्सपीरियंस' इंटीग्रेशन शुरू हो रहा है। इससे एलिजबल कार्ड सदस्य अपने Amex कार्ड का इस्तेमाल कर सकेंगे और हर खरीदारी को देखकर उसे मंजूरी दे सकेंगे।
    • वहीं, मास्टरकार्ड की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और डिजिटल कमर्शियलाइजेशन की ग्लोबल हेड शेरी हेमंड ने एजेंट के जरिए होने वाले पेमेंट में सुरक्षा को अहम बताया। उनके मुताबिक, जब कोई AI एजेंट खरीदारी करता है, तो इससे पेमेंट सिस्टम पर पहले से मौजूद भरोसा और मजबूत होना चाहिए, न कि उसे नजरअंदाज किया जाना चाहिए।
    • वीजा के ग्लोबल ग्रोथ हेड रुबेल बिरवाडकर ने कहा कि एजेंटिक कॉमर्स को आगे बढ़ाने के लिए ग्राहकों, कारोबारियों और बैंकों, सभी का इस प्रक्रिया पर भरोसा होना जरूरी है।
    • उन्होंने बताया कि इस साझेदारी के जरिए वीजा का पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर भी इस अनुभव का हिस्सा बनेगा। इससे यूजर की मंजूरी से होने वाली खरीदारी उन पेमेंट सिस्टम से जुड़ सकेगी, जिनका इस्तेमाल कारोबारी पहले से कर रहे हैं।

    यूजर्स को क्या मिल सकते हैं फायदे?

    • ओपनएआई के अनुसार, चैटजीपीटी वॉलेट के आने से यूजर्स को कई बड़े फायदे मिलने की उम्मीद है। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, हर हफ्ते 1.2 अरब लोग चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते हैं। इनमें से बहुत से लोग प्रोडक्ट्स के बारे में रिसर्च करने, अलग-अलग विकल्पों की तुलना करने और क्या खरीदना है यह तय करने के लिए इसी प्लेटफॉर्म का सहारा लेते हैं। अब तक यूजर्स को रिसर्च करने के बाद अलग-अलग वेबसाइट्स पर जाकर पेमेंट करनी पड़ती थी, लेकिन इस वॉलेट के आ जाने से वे एक ही प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी पूरी खरीदारी आसानी से पूरी कर सकेंगे।
    • इसके अलावा, इस सिस्टम को मौजूदा पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ इस तरह डिजाइन किया गया है कि कार्ड से मिलने वाले रिवॉर्ड और सुरक्षा (प्रोटेक्शन) पूरी तरह बरकरार रहें। मर्चेंट (विक्रेता) भी अपने ग्राहकों के साथ संबंध, कीमतों, डिलीवरी, रिटर्न और कस्टमर सर्विस को पहले की तरह ही आसानी से मैनेज करते रहेंगे।

    किन यूजर्स को मिलेगा यह फीचर?

    फिलहाल शुरुआती चरण में, यह शानदार फीचर अमेरिका में 18 साल और उससे अधिक उम्र के उन चैटजीपीटी प्रो सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है, जिनके पास योग्य US-जारी कार्ड हैं। कंपनी का कहना है कि इस शुरुआती रोलआउट से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर इसकी कमियों को सुधारा जाएगा और भविष्य में इसकी उपलब्धता को और बढ़ाया जाएगा।