अब AI एजेंट करेंगे आपकी तरफ से खरीदारी: क्या है ChatGPT वॉलेट, कैसे काम करेगा व किसे मिलेगा फायदा? जानें सबकुछ
सार
- चैटजीपीटी में आया डिजिटल वॉलेट।
- एआई एजेंट कर सकेंगे खरीदारी।
- यूजर खुद देंगे पेमेंट की मंजूरी।
- असली कार्ड डिटेल रहेगी सुरक्षित।
विज्ञापन

विस्तार
अभी तक ChatGPT का इस्तेमाल सवालों के जवाब पाने, जानकारी जुटाने, प्रोडक्ट्स की तुलना करने और रोजमर्रा के काम आसान बनाने के लिए किया जाता रहा है। लेकिन अब OpenAI इसे खरीदारी और डिजिटल पेमेंट के क्षेत्र में भी आगे बढ़ा रही है। कंपनी ने 'ChatGPT Wallet' पेश किया है। इसकी मदद से ChatGPT के AI एजेंट यूजर की ओर से ऑनलाइन खरीदारी कर सकेंगे। खास बात यह है कि इसके लिए यूजर को अपने असली कार्ड की जानकारी AI एजेंट या विक्रेता के साथ साझा नहीं करनी होगी। हर खरीदारी से पहले यूजर को पेमेंट की मंजूरी भी देनी होगी। आइए समझते हैं क्या है ChatGPT Wallet, यह कैसे काम करेगा और यूजर्स को इससे क्या फायदे मिल सकते हैं।
चैटजीपीटी वॉलेट क्या है?
- चैटजीपीटी वॉलेट, ओपनएआई का नया डिजिटल पेमेंट फीचर है। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि चैटजीपीटी के एआई एजेंट यूजर की ओर से ऑनलाइन खरीदारी और पेमेंट की प्रक्रिया पूरी करने में मदद कर सकें।
- इस वॉलेट में यूजर अपने पेमेंट कार्ड सेव कर सकते हैं। इसके बाद जब वे चैटजीपीटी के जरिए कोई सामान खरीदना चाहेंगे, तो एआई एजेंट उनकी ओर से खरीदारी की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकेगा।
- खास बात है कि इसमें यूजर को हर बार अपने कार्ड की पूरी जानकारी देने की जरूरत नहीं होगी। पेमेंट से पहले उन्हें खरीदे जाने वाले सामान, उसकी कुल कीमत और इस्तेमाल होने वाले कार्ड की जानकारी दिखाई जाएगी। इसके बाद यूजर सिक्योरिटी चेक पूरा करके खरीदारी को मंजूरी दे सकेंगे। कंपनी ने इस सुविधा को अमेरिकन एक्सप्रेस, मास्टकार्ड और वीजा के साथ मिलकर तैयार किया है।
ChatGPT Wallet कैसे करेगा काम?
ओपनएआई का कहना है कि चैटजीपीटी वॉलेट में पेमेंट की प्रक्रिया को सुरक्षित रखने के लिए कई स्तर बनाए गए हैं। यह कुछ इस तरह काम कर सकता है।
- वॉलेट में सेव करना होगा कार्ड:सबसे पहले यूजर अपने पेमेंट कार्ड को चैटजीपीटी वॉलेट में सेव कर सकेंगे। कंपनी ने इसके लिए अमेरिकन एक्सप्रेस, मास्टरकार्ड और वीजा के साथ साझेदारी की है।
- एआई एजेंट करेगा खरीदारी की तैयारी:जब यूजर चैटजीपीटी से किसी प्रोडक्ट को खरीदने के लिए कहेंगे, तो एआई एजेंट खरीदारी की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।
- पेमेंट से पहले मिलेगी पूरी जानकारी:ट्रांजैक्शन पूरा होने से पहले यूजर को खरीदी जाने वाली चीजों, कुल रकम और चुने गए पेमेंट कार्ड की जानकारी दिखाई जाएगी।
- सिक्योरिटी चेक के बाद मिलेगी मंजूरी:इसके बाद यूजर फेस आईडी या फिंगरप्रिंट स्कैन करेंगे। सिक्योरिटी चेक के बाद यूजर खरीददारी की मंजूरी एआई को दे सकेंगे।
- असली कार्ड की जगह बनेगा टोकन:यूजर की मंजूरी मिलने के बाद पेमेंट नेटवर्क एक टोकन जनरेट करेगा। यह टोकन यूजर के असली कार्ड की जानकारी की जगह इस्तेमाल होगा। इससे एआई एजेंट या मर्चेंट के साथ संवेदनशील पेमेंट जानकारी साझा किए बिना ट्रांजैक्शन पूरा किया जा सकेगा।