Website Vs Portal: वेबसाइट और वेब पोर्टल में क्या फर्क है? जिसने जान लिया वो कहलाएगा प्रो!
Website Vs Web Portal:
बहुत से लोग वेबसाइट और वेब पोर्टल को एक ही समझते हैं, लेकिन तकनीकी तौर पर दोनों अलग-अलग होते हैं। आइए जानते हैं इनके बीच क्या अंतर है।

विस्तार
आज के डिजिटल युग में हम अक्सर वेबसाइट और वेब पोर्टल जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इन दोनों में फर्क क्या होता है? ज्यादातर लोग इन दोनों को एक जैसा मानते हैं, लेकिन तकनीकी नजरिए से ये दो बिल्कुल अलग प्लेटफॉर्म होते हैं। इनके उद्देश्य, फीचर्स और यूजर इंटरैक्शन के तरीके अलग होते हैं।
वेबसाइट (Website) क्या होती है?
वेबसाइट इंटरनेट पर मौजूद एक स्थायी डिजिटल पता होती है, जहां एक या एक से अधिक वेब पेज होते हैं। इसे कोई भी व्यक्ति एक सामान्य URL (जैसे www.google.com) के माध्यम से एक्सेस कर सकता है। इसका उद्देश्य जानकारी देना, ब्रांड प्रमोट करना, कंटेंट दिखाना होता है।
यह भी पढ़ें: ताइवान ने चीन की दो दिग्गज टेक कंपनियों पर लगाया एक्सपोर्ट कंट्रोल, जानें क्या है मामला
उदाहरण के तौरपर समाचार साइट्स (amarujala.com या news.google.com), ब्लॉग या सरकारी वेबसाइट्स आदि। वेबसाइट को एक्सेस करने के लिए लॉगिन की जरूरत नहीं होती और इसमें सभी यूजर्स को एक जैसा कंटेंट नजर आता है। इसका इंटरैक्शन सीमित होता है जैसे कि पढ़ना, लिंक पर क्लिक करना या फॉर्म भरना।

अब वेब पोर्टल के बारे में जानिए
वेब पोर्टल एक खास तरह की वेबसाइट होती है, जिसे यूजर सेंट्रिक बनाया गया होता है। इस प्लेटफॉर्म को एक्सेस करने के लिए लॉगिन जरूरी होता है, और हर यूजर को उनकी पर्सनल जानकारी या सेवाएं दिखाई जाती हैं।
इसका पर्पस यूजर को कस्टम जानकारी, सेवाएं या टूल्स उपलब्ध कराना होता है। उदाहरण के तौरपर स्टूडेंट पोर्टल (रिजल्ट, टाइमटेबल), नेटबैंकिंग पोर्टल, कर्मचारी पोर्टल (पे-स्लिप, लीव) आदि।
यह भी पढ़ें: चैटजीपीटी पर न करें हद से ज्यादा भरोसा, इन 5 जानकारियों को शेयर करना पड़ सकता है भारी
लॉगिन के बिना पोर्टल एक्सेस नहीं किया जा सकता। एक ही पोर्टल पर हर यूजर को अलग-अलग जानकारी मिलती है। पोर्टल में यूजर डेटा अपलोड, डाउनलोड, इंटरैक्ट और कस्टम टूल्स का इस्तेमाल कर सकता है।
कैसे पहचानें वेबसाइट और पोर्टल के बीच का अंतर?
अगर आप किसी साइट पर केवल जानकारी पढ़ रहे हैं और लॉगिन की जरूरत नहीं है, तो वह वेबसाइट है। वहीं अगर आप लॉगिन करके अपनी पर्सनल डिटेल्स भरने या सेवाएं लेने का काम कर रहे हैं, तो वह एक वेब पोर्टल है।