Phone Blast: एआई से रची फोन ब्लास्ट की झूठी कहानी, कंपनी के एमडी ने एक करारे जवाब से निकाल दी सारी हेकड़ी!
Fake AI Generated Smartphone Blast:
एक वायरल पोस्ट में एक यूजर ने एक्स पर एक स्मार्टफोन ब्रांड के झूठे ब्लास्ट की कहानी रची। साथ ही यूजर ने Amazon से रिप्लेसमेंट ऐंठने और कंपनी को बदनाम करने की कोशिश भी की। सच्चाई तब सामने आई जब टेक एक्सपर्ट्स ने वायरल तस्वीर की बारीकी से जांच की। जानिए कैसे AI से बनी एक फर्जी फोटो ने इस पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश कर दिया।

विस्तार
एआई टूल्स की इस फ्री दुनिया में जहां एक तरफ लोगों को इससे फायदा होता है, वहीं दूसरी तरफ लोग इसका नाजायज इस्तेमाल भी करते हैं। चूंकि अब ज्यादातर एआई टूल्स फ्री हैं ऐसे में कुछ लोग अलग-अलग तरीकों से तकनीक का फायदा उठाकर ठगी भी करते हैं या करने की कोशिश करते हैं। ऐसा ही एक मामला हाल में सामने आया। इस मामले में एक व्यक्ति ने फ्री एआई टूल का इस्तेमाल करके स्मार्टफोन कंपनी को बदनाम करने और उन्हें चूना लगाने की कोशिश की। लेकिन टेक विशेषज्ञों की पारखी नजर से वो बच न सका। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?

क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटित हुआ, जहां अक्सर लोग अपनी समस्याएं साझा करते हैं। कंपनियां अक्सर इस प्लेटफॉर्म पर बहुत एक्टिव रहती हैं क्योंकि लोग शिकायतों के लिए इसी प्लेटफॉर्म का सहारा लेते हैं। यह घटना भी इसी प्लेटफॉर्म पर हुई जहां हैरी नाम के एक यूजर ने एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में उसने दावा किया कि उसका नया Lava स्मार्टफोन ब्लास्ट होकर जल गया है।

यूजर ने इस पोस्ट में कई फर्जी बातें लिखीं जैसे:
- ग्राहक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए।
- अमेजन को भी निशाने पर लिया और कहा कि पिकअप पार्टनर ने जला हुआ फोन देखने के बाद भी रिफंड या रिप्लेसमेंट देने से मना कर दिया है।
- अपनी बात को सच साबित करने के लिए फोन के परखच्चे उड़ने की एक तस्वीर भी साझा की।