Vodafone Idea ने जियो की टक्कर में पेश किया सस्ता मासिक प्लान, जानें इसके फायदे
128 रुपये वाला प्लान फिलहाल मुंबई, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश पूर्व, उत्तर प्रदेश पश्चिम जैसे सर्किल में ही उपलब्ध है, हालांकि उम्मीद है कि इस प्लान को आने वाले समय में अन्य सर्किल में भी जारी किया जाएगा।

विस्तार
वोडाफोन आइडिया (Vi) ने रिलायंस जियो की टक्कर में अपना एक नया प्री-पेड प्लान लॉन्च कर दिया है। Vi के इस प्लान की कीमत 267 रुपये है और इसमें 25 जीबी डाटा मिलेगा। Vi के इस नए प्री-पेड प्लान की वैधता 30 दिनों की है। वोडाफोन आइडिया के इस प्लान में अनलिमिटेड कॉलिंग की भी सुविधा मिल रही है।
Vi के 267 रुपये वाले प्लान का सीधा मुकाबला जियो के 247 रुपये वाले प्लान से है जिसमें 30 दिनों की वैधता के साथ 25 जीबी डाटा मिलता है। इस नए प्लान के अलावा Vi ने 128 रुपये का भी एक नया प्लान पेश किया है जिसमें 28 दिनों की वैधता मिल रही है। Vi का यह 267 रुपये वाला प्री-पेड प्लान सभी 23 सर्किल में उपलब्ध हो गया है। इस प्लान को अमेजन पे, Vi की साइट, पेटीएम और अन्य थर्ड पार्टी प्लेटफॉर्म से रिचार्ज करा सकते हैं।
Vi के 128 रुपये वाले प्लान के फायदे
Vi के इस सस्ते प्री-पेड प्लान में डाटा तो नहीं मिल रहा है लेकिन इसमें आपको कॉलिंग की सुविधा मिल रही है। इस प्लान में 10 लोकल Vi से Vi नाइट मिनट मिलेंगे। नाइट मिनट रात के 11 बजे से सुबह 6 बजे तक मान्य होंगे। इसके अलावा 28 दिनों तक लोकल और एसटीडी कॉलिंग 2.5 पैसे प्रति मिनट की दर से की जा सकेगी। इस प्लान वाले ग्राहक 1 रुपये में लोकल मैसेज और 1.5 रुपये में एसटीडी मैसेज भेज सकेंगे।
128 रुपये वाला प्लान फिलहाल मुंबई, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश पूर्व, उत्तर प्रदेश पश्चिम जैसे सर्किल में ही उपलब्ध है, हालांकि उम्मीद है कि इस प्लान को आने वाले समय में अन्य सर्किल में भी जारी किया जाएगा।
बता दें कि Airtel ने भी 128 रुपये का प्लान पेश किया है जिसके साथ 28 दिनों की वैधता मिल रही है। इस प्लान के तहत भी लोकल और एसटीडी कॉलिंग 2.5 प्रति सेकेंड की दर से की जा सकती है, हालांकि इस प्लान में एयरटेल ने फ्री कॉलिंग की सुविधा नहीं दी है।