Fake SIM: जुर्म करेगा कोई और… भुगतेंगे आप, ये वेबसाइट बताएगी आपके नाम पर चल रहे कितने फर्जी सिम
How To Close Fake SIM:
अगर आपके नाम से किसी और ने सिम कार्ड ले रखा है, तो आप मुश्किल में पड़ सकते हैं। सरकार ने इसके लिए एक खास वेबसाइट शुरू की है, जहां कुछ मिनटों में एक्टिव सिम की जानकारी लेकर फर्जी नंबर बंद करवा सकते हैं।

विस्तार
आज के दौर में जब हर चीज डिजिटल हो चुकी है, तो सिम कार्ड धोखाधड़ी के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। अपराध की घटना को अंजाम देने के लिए अपराधी किसी और के नाम पर सिम कार्ड लेकर उसका गलत इस्तेमाल करते हैं। अगर ऐसा आपके साथ भी हुआ तो इसके कानूनी नतीजे आपको भुगतने पड़ सकते हैं। लेकिन अब सरकार ने एक ऐसी वेबसाइट शुरू की है जिससे कोई भी व्यक्ति अपने नाम से चल रहे सभी मोबाइल नंबरों की जानकारी ले सकता है और अनजान नंबरों को बंद भी करवा सकता है।
पता करें आपके नाम पर कितने नंबर हैं एक्टिव
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपके नाम पर कितने मोबाइल नंबर एक्टिव हैं, तो इसके लिए आपको दूरसंचार विभाग की वेबसाइट https://www.sancharsaathi.gov.in पर जाना होगा। यहां ‘Citizen-Centric Services’ सेक्शन के अंतर्गत ‘Know Your Mobile Connections (TAFCOP)’ का विकल्प मिलेगा।
इस पर क्लिक करने के बाद अपना मोबाइल नंबर, कैप्चा कोड और ओटीपी दर्ज करें। इसके बाद आपके आधार नंबर से जुड़े सभी मोबाइल नंबर आपकी स्क्रीन पर आ जाएंगे।
यह भी पढ़ें: क्या पासवर्ड से ज्यादा सिक्योर है पासकी, अकाउंट सेफ्टी के लिए किसे करें यूज?
यह सुविधा आपको समय-समय पर यह जांचने में मदद करती है कि आपकी जानकारी जैसे आधार नंबर, नाम, पते का गलत इस्तेमाल तो नहीं हो रहा। यह एक जरूरी कदम है, जिससे आप खुद को मोबाइल फ्रॉड और ठगी से बचा सकते हैं।
अगर कोई अनजान नंबर दिखे तो ऐसे कराएं बंद
अगर लिस्ट में कोई ऐसा नंबर नजर आता है जो आपने कभी इस्तेमाल नहीं किया, तो आप ‘Not My Number’ का विकल्प चुन सकते हैं। इसके जरिए आप उस नंबर की रिपोर्ट कर सकते हैं। रिपोर्ट करने के बाद आपको इसका कन्फर्मेशन मैसेज भी मिलेगा और फिर उस नंबर को डीएक्टिवेट करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
DoT ने बढ़ा दी है सख्ती
दूरसंचार विभाग (DoT) सिम कार्ड धोखाधड़ी को रोकने के लिए कई कड़े कदम उठा रहा है। यदि कोई व्यक्ति किसी और के आधार कार्ड का उपयोग करके सिम लेते हुए पकड़ा जाता है, तो उस पर अगले तीन साल तक सिम लेने की पाबंदी लगा दी जाती है।
यह भी पढ़ें: एसी खरीदते समय सिर्फ 'टन' देखेंगे तो खा जाएंगे धोखा, असली ठंडक तो इस पॉइंट से मिलती है!
इसके अलावा, ई-केवाईसी और फेस वेरीफिकेशन को अनिवार्य कर दिया गया है ताकि फर्जी सिम जारी न हो सकें। अब तक लाखों फर्जी सिम कार्ड बंद किए जा चुके हैं और इस अभियान को और तेज किया जा रहा है।