सर्वर पर पासवर्ड लगाना भूल गया SBI, लाखों ग्राहकों के खातों की जानकारी लीक

यदि आपका भी बैंक खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में है तो आपको बेहद ही सावधान रहने की जरूरत है और साथ ही आपको फटाफटा अपना इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड बदलना होगा, क्योंकि एसबीआई की एक गलती के कारण लाखों ग्राहकों के खाते की जानकारी लीक हो गई है। हालांकि अब बैंक का दावा है कि उसने अपने सर्वर को सिक्योर कर लिया है।

टेकक्रंच की एक रिपोर्ट के मुताबिक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अपने सर्वर को सुरक्षित करना भूल गया था जिसके कारण लाखों लोगों के बैंक की जानकारी लीक हो सकती है। दरअसल रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बैंक ने अपने सर्वर को बिना पासवर्ड का ही छोड़ दिया था। ऐसे में कोई भी बैंक के ग्राहकों की निजी जानकारी को एक्सेस कर सकता है और यह भी संभव है कि लोगों की जानकारी लीक भी हो गई हो।

रिपोर्ट में कहा गया है कि एसबीआई के मुंबई डाटा सेंटर के सर्वर में पासवर्ड नहीं लगा था। वहीं यह भी दावा किया गया है कि एसबीआई क्विक के डाटा में भी सेंध लगी है। बता दें कि एसबीआई क्विक सर्विस के जरिए ग्राहक मिस्ड कॉल के जरिए बैंक बैलेंस, मिनी स्टेटमेंट आदि की जानकारी लेते हैं, हालांकि इस बात का अभी खुलासा नहीं हुआ है कि सर्वर कितने दिनों तक बिना पासवर्ड का रहा है।