Unacademy का डाटाबेस हुआ हैक, डार्क वेब पर बिक रही है 2.2 करोड़ छात्रों की निजी जानकारी

भारत के सबसे बड़े ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म अनएकेडमी (Unacademy) के हैक होने की खबर है। बताया जा रहा है कि Unacademy के सर्वर में सेंध लगाकर हैकर्स ने 22 मिलियन यानी करीब 2.2 करोड़ से अधिक छात्रों की जानकारी चुराई है। रिपोर्ट के मुताबिक सभी छात्रों की जानकारी डार्क वेब पर ऑनलाइन बिक्री के लिए उपलब्ध है।
सिक्योरिटी फर्म Cyble की रिपोर्ट के मुताबिक Unacademy के 21,909,707 डाटा लीक हुए हैं जिनकी कीमत 2,000 अमेरिकी डॉलर है। बता दें कि Unacademy को हाल ही में फेसबुक, जेनरल अटलांटिक और Sequoia की ओर से 110 अमेरिकी डॉलर की फंडिंग मिली है।
कंपनी की मार्केट वैल्यू 500 मिलियन अमेरिकी डॉलर्स है। Unacademy की साइट से छात्रों का जो डाटा लीक हुआ है उनमें यूजरनेम, पासवर्ड, लॉगिन डेट, ई-मेल आईडी, पूरा नाम, अकाउंट स्टेटस और अकाउंट प्रोफाइल जैसी जानकारियां शामिल हैं।
अनएकेडमी के सह-संस्थापक और सीटीओ हेमेश सिंह ने डाटा लीक की पुष्टि की है, लेकिन उन्होंने यह भी दावा किया है कि छात्रों की जानकारी सुरक्षित है। उन्होंने कहा, 'हम स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए हैं। हम मानते हैं कि 11 मिलियन छात्रों की कुछ जानकारी लीक हुई है।'
सिंह ने बताया कि वे डाटा को एंक्रिप्टेड रखने के लिए PBKDF2 एल्गोरिदम का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा है कि अतिरिक्त सुरक्षा के लिए अनएकेडमी ओटीपी आधारित लॉगिन सिस्टम का इस्तेमाल करती है। हेमेश सिंह ने कहा है कि कंपनी मामले की जांच कर रही है।