दो छात्रों ने Apple को लगाया 6 करोड़ रुपये का चूना, 2017 से चल रहा था खेल

टेक्नोलॉजी की दिग्गज कंपनी एपल को दो चाइनीज छात्रों ने करीब 6 करोड रुपये का चूना लगाया है। यह घटना अमेरिका के ऑरेगॉन की है। द वर्ज की रिपोर्ट के मुताबिक इन दोनों चाइनीज छात्रों ने आईफोन बदलने के नाम पर एपल के साथ धोखाधड़ी की है। वहीं अब इन दोनों छात्रों के खिलाफ संघीय अदालत में मुकदमा चल रहा है। आइए जानते हैं पूरा मामला...
साल 2017 से चल रहा था खेल
इस खेल की शुरुआत साल 2017 से में ही हो गई थी जब इंजीनियरिंग छात्र यांगयांग झोउ और क्वान जियांग ने नकली आईफोन की तस्करी शुरू की। ये दोनों छात्र चीन से आईफोन लेकर अमेरिका आते थे। इसके बाद वे आईफोन को सर्विस सेंटर पर रिपेयरिंग या रिप्लेस करने के लिए ले जाते थे और कहते थे कि उन्हें नकली आईफोन मिला है। अंग्रेजी वेबसाइट द वर्ज की रिपोर्ट में कहा गया है कि ये दोनों छात्र सर्विस सेंटर पर सबसे ज्यादा आईफोन के ऑन ना होने की शिकायत करते थे।
एपल ने नकली फोन के बदले दिए असली आईफोन
अधिकतर मामलों में एपल ने इन दोनों छात्रों की शिकायत के बाद उन्हें असली आईफोन दिए। बताया जा रहा है कि इस प्रकिया में एपल को करीब 6 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। जिन आईफोन को बदलने के लिए सर्विस सेंटर पर भेजा जाता था, वे सभी चीन में खरीदे गए थे। रिपोर्ट की मानें तो दोनों छात्रों ने 3,069 आईफोन की वारंटी के लिए दावा किया जिनमें से एपल ने 1,493 दावे को स्वीकार किए।
वहीं कोर्ट में दोनों छात्रों ने कहा कि उन्हें नकली फोन के बारे में जानकारी नहीं थी। एक ओर झोउ पर जहां अवैध रूप से सामान निर्यात करने का आरोप है, वहीं जियांग पर अवैध रूप से नकली सामानों की तस्करी और धोखाधड़ी करने आरोप है। साल 2018 में जियांग को तो काफी समय तक जीपीएस के जरिए ट्रैक किया गया था।