ट्विटर पर लिमिटेड कैरेक्टर की समस्या से मिलेगी निजात

माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर ने बड़ा ऐलान किया है। अब ट्विटर इस्तेमाल करने वालों को लिमिटेड कैरेक्टर की समस्या से बड़ी राहत मिलने वाली है। ट्विटर ने घोषणा की है कि अब ट्वीट में अटैच किए गए फोटोज, गीफ इमेज या वीडियो 140 कैरेक्टर का हिस्सा नहीं होंगे। हालांकि कंपनी ने अभी इसे टेस्टिंग के लिए छोटे यूजर ग्रुप को ही दिया है। इसके अलावा कंपनी ने ट्विटर में और भी कई बड़े बदलाव भी किए हैं।
कंपनी ने मई में अपनी इस योजना के बारे में बताते हुए 140 अक्षरों की गिनती के तरीके को बदलने की बात कही थी। ट्विटर के CEO और कोफाउंडर, जैक दोरसे ने उस समय कहा था, “अपने प्रोडक्ट को और ज्यादा बेहतर और आसान बनाना हमारी इस साल की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में है। हमारा ध्यान ट्विटर को कहीं ज्यादा आसान और फास्ट बनाने पर है।”
गौरतलब है कि ट्विटर पर किसी भी ट्वीट के लिए 140 कैरेक्टर लिमिट है। अभी तक फोटो, Gif और वीडियो को भी 140 कैरेक्टर लिमिट में ही शामिल किया जाता है। उदाहरण के तौर पर अगर आप किसी फोटो के साथ ट्वीट करते हैं तो आपके पास करीब 118 कैरेक्टर होते हैं, 22 कैरेक्टर फोटो के होते हैं। अब ट्विटर के इस एलान के बाद फोटो के अलावा भी आपको 140 कैरेक्टर मिलेंगे।