AI Rulebook: ट्रंप सरकार का बड़ा एलान, एआई के लिए पूरे अमेरिका में सभी राज्यों के लिए एक तरह के नियम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पूरे देश में एआई के लिए एक समान 'रूलबुक' लाने की घोषणा की है। ट्रंप का कहना है कि अलग-अलग राज्यों के अलग-अलग नियम नवाचार को रोक सकते हैं, इसलिए एक ही फ्रेमवर्क जरूरी है।

विस्तार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनकी सरकार पूरे देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के लिए एक ही तरह के नियम बनाएगी। उनका कहना है कि अगर हर राज्य अपने-अपने अलग नियम बनाएगा तो इससे अमेरिका की तकनीकी बढ़त कम हो सकती है। सोमवार को सोशल मीडिया पर ट्रंप ने लिखा कि दुनिया की एआई दौड़ में आगे रहने के लिए अमेरिका को एक ही राष्ट्रीय नियमों की जरूरत है। अगर एआई के लिए हर राज्य अपने नियम और मंजूरी की प्रक्रिया लागू करेगा तो नवाचार की रफ्तार धीमी पड़ जाएगी।
ट्रंप ने कहा, "एआई में आगे रहने के लिए हमारे पास सिर्फ एक ही रूलबुक होनी चाहिए। हम अभी बाकी देशों से आगे हैं। लेकिन अगर 50 राज्यों को अपने-अपने नियम बनाने दिए गए तो एआई का विकास शुरुआत में ही रुक जाएगा"।
उन्होंने बताया कि इस हफ्ते वे "ONE RULE Executive Order" जारी करेंगे, जिससे एआई नियमों की प्रक्रिया सरल और एक जैसी हो जाएगी। उन्होंने कहा, "अगर आप किसी कंपनी से यह उम्मीद कर रहे हैं कि उसे हर काम के लिए 50 राज्यों से अलग-अलग मंजूरी लेनी पड़े तो यह संभव नहीं है"।
ट्रंप का यह फैसला हाल ही में शुरू किए गए 'जेनेसिस मिशन' के बाद आया है। यह एक राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसका लक्ष्य एआई की मदद से वैज्ञानिक खोजों की रफ्तार बढ़ाना और अमेरिका की तकनीकी बढ़त को मजबूत करना है।
व्हाइट हाउस के अनुसार, 'जेनेसिस मिशन' एक ऐसा एआई प्लेटफॉर्म बनाएगा। जो बड़े संघीय डाटा सेट्स का इस्तेमाल करके नए वैज्ञानिक मॉडल और एआई एजेंट तैयार करेगा। ये एआई एजेंट नई वैज्ञानिक थ्योरी का परीक्षण करेंगे, शोध का काम तेज करेंगे और वैज्ञानिक उपलब्धियों को आगे बढ़ाएंगे।
इस मिशन से देश की वैज्ञानिक और रिसर्च से जुड़ी सभी संस्थाएं जैसे राष्ट्रीय प्रयोगशालाएं, विश्वविद्यालय, निजी कंपनियां, डाटा सेंटर, फैक्ट्रियां और सुरक्षा विभाग एक प्लेटफॉर्म पर जुड़ेंगी। एआई के लिए एक समान रूलबुक की घोषणा से साफ है कि अमेरिका अब तेजी से बढ़ते एआई नवाचार के साथ अपने नियम-कानूनों को भी बेहतर तरीके से मिलाने की तैयारी कर रहा है।