TikTok: ट्रंप ने किया टिकटॉक डील पर एग्जीक्यूटिव ऑर्डर साइन; लेकिन अब भी अधूरी है डील, जानिए कैसे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टिकटॉक डील पर एग्जीक्यूटिव ऑर्डर साइन कर दिए हैं हालांकि इसके लिए अमेरिका और चीन दोनों देशों से रेगुलेटरी मंजूरी की जरूरत होगी।। जानें डील की पूरी डिटेल्स।

विस्तार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन किया, जिससे टिकटॉक की अमेरिकी यूनिट की बिक्री को अंतिम रूप देने का रास्ता साफ हुआ। हालांकि, यह डील अभी पूरी नहीं हुई है और इसके लिए अमेरिका और चीन दोनों देशों से रेगुलेटरी मंजूरी की जरूरत होगी।
क्या है मामला?
इस डील के तहत टिकटॉक की अमेरिकी संपत्तियां एक नए यूएस-बेस्ड जॉइंट वेंचर को दी जाएंगी। इस समूह में ओरेकल, सिल्वर लेक, डेल सीईओ माइकल डेल और फॉक्स कॉर्प जैसी अमेरिकी कंपनियों और निवेशकों की भागीदारी होगी। नई कंपनी का बोर्ड भी ज्यादातर अमेरिकी होगा। बाइटडांस की हिस्सेदारी 20% से ज्यादा नहीं रहेगी।
ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने साइनिंग इवेंट के दौरान कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस डील को मंजूरी दे दी है। हालांकि, बीजिंग ने सार्वजनिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है। टिकटॉक का एल्गोरिदम और डेटा ओरेकल की देखरेख में रहेगा। यह ऑर्डर बैन-या-सेल कानून के तहत आया है, जो जनवरी 2024 से लागू हुआ। इसके मुताबिक, बाइटडांस को अमेरिकी यूनिट का लगभग 80% हिस्सा गैर-चीनी निवेशकों को बेचना जरूरी है। डील में बाइटडांस की अन्य लोकप्रिय ऐप्स लेमन8 और कैपकट भी शामिल होंगी। व्हाइट हाउस के अनुसार नई कंपनी की वैल्यू करीब 14 अरब डॉलर आंकी गई है।
अभी बाकी हैं कई सवाल
हालांकि डील पर काफी काम हो चुका है, लेकिन कई सवाल अब भी बने हुए हैं जैसे, क्या अमेरिकी यूजर्स को इस डील के बाद एक अलग यूएस टिकटॉक एप डाउनलोड करना पड़ेगा? क्या टिकटॉक का एल्गोरिदम नए अमेरिकी निवेशक समूह के राजनीतिक झुकाव से प्रभावित होगा? ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा, "अगर मैं इसे 100% मागा (मेक अमेरिका ग्रेट अगेन) बना पाता तो बनाता, लेकिन ऐसा नहीं होगा। हर किसी के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार होगा।"
चीन की क्या है रणनीति?
विशेषज्ञों का मानना है कि चीन इस डील को ट्रेड नेगोशिएशन में एक सौदेबाजी के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है। अगले महीने दक्षिण कोरिया में होने वाले एपीएसी (APEC) समिट में ट्रंप और शी जिनपिंग आमने-सामने मुलाकात करेंगे, जहां इस पर और स्पष्टता आ सकती है। यह डील 170 मिलियन अमेरिकी टिकटॉक यूजर्स के लिए राहत की खबर है, क्योंकि अब वे एप का इस्तेमाल जारी रख पाएंगे, लेकिन डेटा सुरक्षा और एल्गोरिदम पर नियंत्रण को लेकर बहस अभी भी जारी है।