WhatsApp पर फ्रॉड कॉल या मैसेज का लगा सकेंगे पता, जल्द मिलेगा Truecaller का सपोर्ट
Truecaller जल्द ही WhatsApp और अन्य मैसेजिंग एप पर अपनी कॉलर आइडेंटिफिकेशन सर्विस उपलब्ध कराना शुरू कर देगा, ताकि यूजर्स को इंटरनेट पर संभावित स्पैम कॉल्स का पता लगाने में मदद मिल सके।

विस्तार
इंस्टेंट मैसेजिंग एप व्हाट्सएप (WhatsApp) पर अब फ्रॉड कॉल या मैसेज का पता लगाना आसान होने वाला है। जल्द ही व्हाट्सएप पर Truecaller का सपोर्ट मिलने वाला है। इसकी मदद से यूजर्स को कॉलर आइडेंटिफिकेशन सर्विस का सपोर्ट मिलेगा और पहले से ही वह फ्रॉड कॉल, स्पैम कॉल या मैसेज से सावधान हो सकेंगे। इस सुविधा के लिए दोनों कंपनियों ने पार्टनरशिप की है।
Truecaller जल्द ही व्हाट्सएप और अन्य मैसेजिंग एप पर अपनी कॉलर आइडेंटिफिकेशन सर्विस उपलब्ध कराना शुरू कर देगा, ताकि यूजर्स को इंटरनेट पर संभावित स्पैम कॉल्स का पता लगाने में मदद मिल सके। कंपनी ने खुद इसकी जानकारी दी है। ट्रूकॉलर के को-फाउंडर और सीईओ एलन ममेदी ने कहा कि यह सुविधा अभी बीटा फेज में है और मई के अंत में ग्लोबल स्तर पर शुरू की जाएगी।
फोन कॉल के साथ अब व्हाट्सएप पर भी स्पैम कॉल और मैसेज की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। यूजर्स को अनजान नंबर को पहचाने में काफी मशक्कत भी करनी पड़ती है। कॉलर आइडेंटिफिकेशन सर्विस से यूजर्स को ऐसे कॉल और मैसेज को पहचानने में मदद मिलेगी। Truecaller की 2021 की एक रिपोर्ट के अनुसार, टेलीमार्केटिंग और स्कैमिंग कॉल भारत जैसे देशों में बढ़ रहे हैं, जहां यूजर्स को प्रति माह औसतन लगभग 17 स्पैम कॉल मिलते हैं।