TRAI ड्राइव टेस्ट रिपोर्ट: नोएडा-गाजियाबाद में बीएसएनएल के सबसे कमजोर सिग्नल, जानें किसका नेटवर्क सबसे दमदार?
- ट्राई ने सितंबर 2026 में नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में हुए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट के नतीजे जारी किए।
- जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 248.50 एमबीपीएस रही.
- बीएसएनएल/एमटीएनएल की 5.49 एमबीपीएस रही।
- कमजोर सिग्नल और ड्रॉप कॉल बीएसएनएल/एमटीएनएल में सबसे ज्यादा रहे।

विस्तार
नोएडा, गाजियाबाद या ग्रेटर नोएडा में रहते हैं, तो आपके मोबाइल नेटवर्क की असली हालत सामने आ गई है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण यानी ट्राई ने सितंबर 2026 में किए गए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट के नतीजे जारी किए हैं। इसमें एयरटेल, बीएसएनएल/एमटीएनएल, जियो और वीआई, चारों की आवाज और डेटा सेवाओं को सड़कों पर जांचा गया। पीआईबी के मुताबिक रिपोर्ट आम उपभोक्ताओं की जानकारी के लिए जारी की गई है।
कैसे और कहां हुई जांच?
ट्राई की नियुक्त एजेंसी ने 1 से 5 सितंबर 2026 के बीच दिल्ली लाइसेंस सर्विस एरिया में यह टेस्ट किया। इसमें 813.4 किलोमीटर की सिटी ड्राइव, 8 हॉटस्पॉट जगहें, 3.8 किलोमीटर का वॉक टेस्ट और एक जगह पर इंटर-ऑपरेटर कॉलिंग शामिल रही। टेस्ट ट्राई के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय की निगरानी में हुए। सभी ऑपरेटरों के सिम से 2जी से 5जी नेटवर्क पर लाइव वॉयस और डेटा सेशन बनाकर जांच की गई। नतीजे टेस्ट के दिन और समय पर जांचे गए रूट के प्रदर्शन को दिखाते हैं।
कवरेज और कॉल ड्रॉप में बड़ा अंतर
कमजोर सिग्नल वाले सैंपल एयरटेल में 1,27,346 में से 1,053, जियो में 1,27,212 में से 2,146, वीआई में 1,32,094 में से 1,246 और बीएसएनएल/एमटीएनएल में 1,21,733 में से 79,985 मिले। यानी बीएसएनएल/एमटीएनएल में करीब 66 फीसदी सैंपल कमजोर रहे, जबकि बाकी तीनों में यह दो फीसदी से कम रहा। ड्रॉप हुई कॉल एयरटेल में 1,139 में से 9, बीएसएनएल/एमटीएनएल में 1,071 में से 173, जियो में 1,146 में से 14 और वीआई में 1,158 में से 2 रहीं।
स्पीड और कॉल साइलेंस का हाल
- औसत डाउनलोड स्पीड: एयरटेल (5जी) 114.38 एमबीपीएस, बीएसएनएल/एमटीएनएल (4जी) 5.49, जियो (5जी) 248.50, वीआई (5जी) 94.30।
- औसत अपलोड स्पीड: एयरटेल 25.11 एमबीपीएस, बीएसएनएल/एमटीएनएल 1.72, जियो 18.71, वीआई 18.92।
- डाउनलोड में जियो सबसे आगे और बीएसएनएल/एमटीएनएल सबसे पीछे रहा।
- अपलोड में एयरटेल सबसे ऊपर रहा।
- बीएसएनएल/एमटीएनएल की स्पीड 4जी पर दर्ज हुई, जबकि बाकी की 5जी पर।
- कॉल साइलेंस के मामले एयरटेल में 1,086 कॉल में 8, बीएसएनएल/एमटीएनएल में 878 में 10, जियो में 1,086 में 54 और वीआई में 1,107 में 4 रहे।
सेक्टर 121 से डब्ल्यूटीसी रूट पर तस्वीर
नोएडा सेक्टर 121 से वर्ल्ड ट्रेड सेंटर तक के रूट पर कमजोर सिग्नल वाले सैंपल एयरटेल में 2,793 में से 1, जियो में 2,849 में से 12, वीआई में 2,973 में से 4 और बीएसएनएल/एमटीएनएल में 2,743 में से 1,646 रहे। औसत डाउनलोड स्पीड एयरटेल में 175.41, जियो में 346.84, वीआई में 129.86 और बीएसएनएल/एमटीएनएल में 3.39 एमबीपीएस रही। अपलोड स्पीड एयरटेल में 19.29, जियो में 27.94, वीआई में 29.08 और बीएसएनएल/एमटीएनएल में 1.02 एमबीपीएस रही। इस रूट पर कॉल की संख्या सिर्फ 23 से 26 के बीच रही।
आगे क्या और ध्यान रखने की बात
ट्राई ने रिपोर्ट के नतीजे संबंधित ऑपरेटरों को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिए हैं। विस्तृत रिपोर्ट ट्राई की वेबसाइट trai.gov.in पर उपलब्ध है। इसका मकसद उपभोक्ताओं को जानकारी देना और ऑपरेटरों को सेवा सुधारने के लिए प्रेरित करना है। हालांकि ये नतीजे सिर्फ टेस्ट के दिन और समय पर जांचे गए इलाकों के हैं, पूरे शहर या महीने भर की तस्वीर नहीं।