अब पेट्रोल नहीं, एथेनॉल से चलेगी टोयोटा इनोवा: नवंबर में इस दिन होगी लॉन्च, नितिन गडकरी ने क्या खुलासा किया?

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Thu, 05 Nov 2026 03:31 PM IST
सार
  • टोयोटा इनोवा के नए मॉडल का एलान
  • 26 नवंबर को होगा लॉन्च।
  • 100% बायोएथेनॉल से चलेगी कार।
  • एथेनॉल की कीमत 75 रुपये लीटर।
  • गडकरी ने दी लॉन्च की जानकारी।
Toyota Innova Ethanol Version Launch November 26, Running Cost Equivalent ₹25-30 Petrol
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी - फोटो : amarujala.com

    विस्तार

    पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बीच टोयोटा इनोवा को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। कंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि टोयोटा इसी महीने 100 फीसदी बायोएथेनॉल से चलने वाली इनोवा का नया वर्जन लॉन्च करेगी। यह गाड़ी 26 नवंबर को पेश की जाएगी। खास बात है कि इसमें पेट्रोल की जगह पूरी तरह बायोएथेनॉल का इस्तेमाल होगा। गडकरी के अनुसार, इस कार को चलाने की प्रभावी ईंधन लागत 25 से 30 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल के बराबर हो सकती है। आइए जानते हैं इस नई इनोवा में क्या कुछ खास होने वाला है।

    कब लॉन्च होगी इनोवा?

    • नितिन गडकरी ने नई दिल्ली में आयोजित पॉवरिंग द नेक्स्ट माइल कॉन्क्लेव में टोयोटा की इस नई गाड़ी की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को टोयोटा की इनोवा का नया वर्जन लॉन्च किया जाएगा, जो पूरी तरह 100 फीसदी बायोएथेनॉल पर चलेगा।
    • गडकरी ने कहा कि इस गाड़ी में पेट्रोल की जगह एथेनॉल ईंधन का इस्तेमाल होगा। सरकार का जोर भी ऐसे वैकल्पिक ईंधन पर है, जो पारंपरिक पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम करने के साथ प्रदूषण और ईंधन खर्च को घटाने में मदद कर सकें।

    25-30 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल के बराबर होगी रनिंग कॉस्ट

    • इस नई इनोवा की सबसे खास बात इसकी कम रनिंग कॉस्ट बताई जा रही है। गडकरी के अनुसार, अभी एथेनॉल की कीमत करीब 75 रुपये प्रति लीटर है, जबकि पेट्रोल की कीमत लगभग 120 रुपये प्रति लीटर है।
    • हालांकि, इस गाड़ी की तकनीक में एक और खासियत होगी। गडकरी ने बताया कि वाहन चलते समय अपनी करीब 60 फीसदी बिजली खुद उत्पन्न करेगा। इसी वजह से पेट्रोल के मुकाबले औसत आधार पर इसकी प्रभावी परिचालन लागत 25 से 30 रुपये प्रति लीटर के बराबर होगी। इससे ग्राहकों को गाड़ी चलाने के खर्च में बड़ी बचत मिलने की उम्मीद है।

    इलेक्ट्रिक और वैकल्पिक ईंधन वाली गाड़ियों पर सरकार का जोर

    गडकरी ने कहा कि इलेक्ट्रिक और वैकल्पिक ईंधन से चलने वाले वाहन देश के मोबिलिटी सेक्टर के लिए अहम हैं। उनके अनुसार, हरित, सुरक्षित और समावेशी तकनीक से न केवल ग्राहकों को फायदा होगा, बल्कि देश को भी पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी तकनीकों से ईंधन की लागत घटाने और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने का रास्ता खुलेगा।

    इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के सफर को भी किया याद

    • कॉन्क्लेव में गडकरी ने भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के विकास का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि उन्हें बजाज और टीवीएस की ओर से बनाए गए शुरुआती इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को लॉन्च करने का अवसर मिला था। उस समय कंपनियां करीब 125 किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज वाले इलेक्ट्रिक वाहन पेश करती थीं।
    • हालांकि, बाद में कई स्टार्टअप्स ने बैटरी की क्षमता कम करके इलेक्ट्रिक स्कूटर की कीमत घटाने पर काम किया। इससे बाजार में करीब 70 हजार से 72 हजार रुपये की कीमत वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर आने लगे, लेकिन उनकी ड्राइविंग रेंज घटकर लगभग 70 किलोमीटर रह गई।

    पेट्रोल-डीजल के विकल्प बन रहे हैं नए ईंधन

    गडकरी के अनुसार, इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ बायोएथेनॉल जैसे वैकल्पिक ईं धन भी भारत के परिवहन क्षेत्र में बदलाव ला सकते हैं। टोयोटा की 100 फीसदी बायोएथेनॉल से चलने वाली इनोवा इसी दिशा में एक अहम कदम होगी।अब सभी की नजर 26 नवंबर को होने वाले लॉन्च पर है। इसके बाद इस गाड़ी की तकनीक और ग्राहकों के लिए उपलब्ध विकल्पों से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने आ सकेगी।