ऐप्पल के सीईओ टिम कुक ने ट्विटर पर बदला अपना नाम, ट्रंप ने कहा था 'टिम ऐप्पल'

दुनिया की सबसे बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनी ऐप्पल के सीईओ टिम कुक ने ट्विटर पर अपना नाम बदल लिया है। टिम कुक ने यह फैसला उस वाकये के बाद लिया है जब व्हाइट हाउस में हुए अमेरिकन वर्कफोर्स पॉलिसी एडवाइजरी बोर्ड की बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टिम कुक को टिम ऐप्पल कह दिया। दरअसल डोनाल्ड ट्रंप टिम कुक का नाम भूल गए थे।
अमेरिकन वर्कफोर्स पॉलिसी एडवाइजरी बोर्ड की बैठक ट्रंप द्वारा टिम ऐप्पल कहे जाने के बाद टिम कुक ने ट्विटर पर अपना नाम बदल लिया है जो सिर्फ आईफोन और मैक यूजर्स को ही दिख रहा है। दरअसल टिम कुक ने अपने नाम के आगे ऐप्पल के लोगों की इमोजी लगाई है, हालांकि टिम कुक ने इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बता दें कि यह बैठक शिक्षा में तकनीकी के इस्तेमाल और महत्व को लेकर बुलाई गई थी। इस बैठक के में ट्रंप ने पहले तो ऐप्पल सीईओ टिम कुक की तारीफ करते हुए कहा, 'टिम आप सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं। आप सभी चीजों को ठीक उसी तरह से कर रहे हैं जैसा कि मैं खुद चाहता था। आपने हमारे देश में बड़ा निवेश भी किया है। इसके लिए हम आपकी प्रशंसा करते हैं टिम ऐप्पल।' इस बैठक का वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है।
हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब डोनाल्ड ट्रंप किसी का नाम भूले हों। इससे पहले भी वे कई लोगों के नाम भूल चुके हैं। इसी साल जनवरी में उन्होंने अमेजॉन के सीईओ जेफ बेजोस को जेफ बोजो कहा था, वहीं पिछले साल लॉकहीड मॉर्टिन कंपनी की सीईओ मेरिलिन ह्यूजन को वह मेरिलिन लॉकहीड कहा था।