5G: तीन करोड़ लोग खरीद सकते हैं 5जी फोन, एरिक्सन की रिपोर्ट- ग्राहक सेवाओं के लिए अधिक भुगतान को तैयार
एरिक्सन की मंगलवार को जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में 5जी ने 4जी की तुलना में समग्र नेटवर्क संतुष्टि को 30 फीसदी तक बढ़ा दिया है। यह देश में 5जी को अपनाने के लिए विशाल अवसर भी है।

विस्तार
भारत में स्मार्टफोन चलाने वाले करीब 3.1 करोड़ ग्राहक दिसंबर तक 5जी फोन ले सकते हैं। एरिक्सन की एक रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में भारत में 5जी फोन इस्तेमाल करने वाले लोगों की संख्या करीब 8-10 करोड़ है। देश में 5जी सेवा पिछले साल अक्तूबर में लॉन्च की गई थीं।
एरिक्सन की मंगलवार को जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में 5जी ने 4जी की तुलना में समग्र नेटवर्क संतुष्टि को 30 फीसदी तक बढ़ा दिया है। यह देश में 5जी को अपनाने के लिए विशाल अवसर भी है। भारत में 5जी उपयोगकर्ता वीडियो स्ट्रीमिंग, वीडियो कॉलिंग सेवाएं, मोबाइल गेमिंग आदि के लिए इसका अधिक इस्तेमाल करते हैं। वे प्रमुख देशों जैसे अमेरिका, ब्रिटेन, दक्षिण कोरिया, चीन और कई अन्य देश जैसे शुरुआती 5जी बाजारों में ग्राहकों की तुलना में इन सेवाओं पर प्रति सप्ताह औसतन दो घंटे अधिक बिताते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, कुल 15 फीसदी भारतीय ग्राहक अधिक कीमत पर भी अपने 5जी प्लान में वीडियो ऑन डिमांड, गेमिंग और म्यूजिक सहित एप्लिकेशन में दिलचस्पी रखते हैं। वे इन सेवाओं के लिए 14% प्रीमियम का भुगतान करने के लिए तैयार हैं।
स्मार्ट टीवी की बिक्री में 5 फीसदी गिरावट
काउंटरपाइंट रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल जनवरी से जून के बीच भारत में स्मार्ट टीवी की बिक्री पांच फीसदी घट गई है। पूरे साल के दौरान इसमें सात फीसदी की गिरावट की आशंका है। इस दौरान कुल टीवी बाजार में स्मार्ट टीवी की बिक्री का योगदान 91 फीसदी रहा है। महंगाई और अन्य वृहद आर्थिक स्थितियों के कारण ऐसा हुआ है। हालांकि, देश में टीवी बनाने और नए निवेश के रुझान में तेजी आई है।