Telecom: कब 2जी मुक्त होगा भारत? ग्राहकों को 4जी और 5जी सर्विस में शिफ्ट कराना कंपनियों के बड़ी चुनौती
Telecom: मोबाइल बनाने वाली कंपनी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि भारत में हर साल करीब 6 से 7 करोड़ 2जी फोन अब भी बिक रहे हैं। इनकी कीमत 800 रुपये से शुरू होती है। उचित सुविधाओं के साथ 4जी स्मार्ट फोन की शुरुआती कीमत 4,000 से 5,000 रुपये के दायरे में होगी

विस्तार
देश में कई प्रमुख शहरों में 5जी सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। लेकिन अभी भी दूरसंचार कंपनियों के लिए 2जी यूजर्स बड़ी चुनौती बने हुए हैं। क्योंकि देश में बड़ी तादाद (35 करोड़) 2जी यूजर्स की है। ऐसे में दूरसंचार कंपनियों के लिए इन यूजर्स को कम समय में 4जी या 5जी में शिफ्ट कराना एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में बार बार सवाल उठ रहा है कि दूरसंचार कंपनियां कितनी तेजी से अपने 2जी यूजर्स को कब तक 4जी या 5जी सेवाओं में ले आएंगी।
उपलब्ध आंकड़ों के विश्लेषण से सामने आता है कि साल 2021 में करीब 4 करोड़ 2जी ग्राहक 4जी में अपग्रेड हुए थे। अगर यही रफ्तार रही तो कंपनियां को मौजूदा करीब 35 करोड़ों 2जी ग्राहकों को 4जी या 5जी में अपग्रेड करने में करीब नौ साल लग जाएंगे। क्योंकि आमतौर पर भारतीय मोबाइल यूजर्स अपने 2जी मोबाइल फोन हैंडसेट को तीन साल में बदलते हैं। इस लिहाज से 2जी से 4जी में आने वाले यूजर्स का बाजार करीब 10 करोड़ है। अनुसंधान एजेंसी ग्लोबल डाटा की ओर से जारी इंडिया मोबाइल ब्रॉडबैंड इंडेक्स 2022 के अनुसार, भारत में 2026 तक 32.9 करोड़ 5जी ग्राहक होंगे। यदि ग्राहकों की कुल संख्या मौजूदा स्तर पर बरकरार रहती है, तो यह महज 30 फीसदी ग्राहक होंगे। शेष ग्राहक 2जी या 4जी श्रेणी में होंगे।
भारत हर साल बिक रहे 7 करोड़ 2जी फोन
मोबाइल बनाने वाली कंपनी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि भारत में हर साल करीब 6 से 7 करोड़ 2जी फोन अब भी बिक रहे हैं। इनकी कीमत 800 रुपये से शुरू होती है। उचित सुविधाओं के साथ 4जी स्मार्ट फोन की शुरुआती कीमत 4,000 से 5,000 रुपये के दायरे में होगी। इसलिए 2जी ग्राहकों को 4जी में अपग्रेड करने की लागत काफी अधिक है। हाल ही में वर्ल्ड वाइड वेब फाउंडेशन द्वारा इसी संदर्भ में एक अध्ययन किया गया है। इस अध्ययन में कहा गया है कि भारत सहित दक्षिण एशिया में स्मार्टफोन की औसत लागत ग्राहक की औसत मासिक आय का करीब 40 फीसदी है। जबकि वैश्विक औसत महज 26 फीसदी है और उत्तरी अमेरिका में यह आंकड़ा महज 2 फीसदी है। इसके अलावा 4जी की शुल्क दरें भी 2जी के मुकाबले काफी अधिक हैं।
इन कंपनी के पास हैं 2जी के ग्राहक
हाल ही में रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि वह उम्मीद करते हैं कि भारत जल्द ही 2जी मुक्त हो जाएगा। वैसे रिलायंस जियो के पास कोई 2जी ग्राहक नहीं है क्योंकि वह पुराने नेटवर्क का संचालन नहीं करती है। रिलायंस जियो ने सीधे 4जी से अपना परिचालन शुरू किया था। जियो की प्रतिस्पर्धी भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया के अलावा सरकारी दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल के पास भी 2जी ग्राहक हैं। रिलायंस जियो ने 2जी ग्राहकों को करीब 1,100 रुपये में 4जी की पेशकश की थी। इसके तहत उसने ग्राहकों को एक 4जी फीचर फोन और एकमुश्त छह महीने के प्रीपेड शुल्क की पेशकश की थी। तीन साल में जियो महज 11 करोड़ 2जी ग्राहकों को ही अपने नेटवर्क में शामिल कर पाई।