टैरिफ प्लान महंगे होने के बाद BSNL की बल्ले-बल्ले, 4.2 लाख नए ग्राहक जुड़े

विस्तार
पिछले साल दिसंबर में सभी टेलीकॉम कंपनियों ने अपने टैरिफ प्लान की कीमतें बढ़ाई थीं, लेकिन भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) इकलौती कंपनी थी जिसने अपने टैरिफ प्लान की कीमतों में इजाफा नहीं किया। BSNL को इसका सबसे बड़ा फायदा मिला, क्योंकि सिर्फ दिसंबर महीने में 4.2 लाख लोगों ने BSNL का दामन थामा, जबकि जियो को सिर्फ 82,308 नए ग्राहक मिले। आपको बताते चलें कि यह पहला मौका है जब जियो को एक महीने में 50 लाख से कम ग्राहक मिले हैं।
BSNL को छोड़ सभी कंपनियों के ग्राहक घटे

वहीं वोडाफोन आइडिया के लिए दिसंबर 2019 का महीना बहुत ही बुरा रहा, क्योंकि 3.6 लाख ग्राहकों ने कंपनी को अलविदा कहा है। वहीं एयरटेल को भी बड़ा नुकसान हुआ है। 11,000 से अधिक ग्राहकों ने दिसंबर 2019 में एयरटेल को छोड़ा है। ऐसे में नए टैरिफ लागू होने के बाद BSNL को छोड़कर सभी टेलीकॉम कंपनियों को नुकसान ही हुआ है।
मोबाइल ग्राहकों की संख्या में आई 31.5 लाख की कमी

टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) हर महीने मोबाइल ग्राहकों को के लेकर एक रिपोर्ट जारी करती है जिसमें डाटा स्पीड से लेकर यूजर्स की संख्या तक की जानकारी रहती है। दिसंबर 2019 को लेकर भी ट्राई ने अपनी रिपोर्ट जारी की है जिसके मुताबिक दिसंबर 2019 में देश में मोबाइल ग्राहकों (सब्सक्राइबर) की संख्या में 31.5 लाख की कमी आई है, जबकि टेलीफोन यूजर्स की संख्या 2.9 लाख की गिरावट दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक 31 दिसंबर तक देश में कुल मोबाइल यूजर्स की संख्या 115.14 करोड़ रही जबकि टेलीफोन यूजर्स की संख्या 2.1 करोड़ थी।