TAL ने भारत में लॉन्च किया 6 एक्सिस रोबोट ब्रैबो, जानें खासियत

टेक डेस्क, अमर उजाला
Thu, 14 Jun 2018 03:08 PM IST
TAL Manufacturing Solutions launches Six Axis Robot BRABO TRO6-6
Six Axis Robot BRABO TRO6-6

    टीएएल मैन्युफैक्चरिंग सॉल्यूशंस ने आज नई दिल्ली में अपना 6-एक्सिस रोबोट ब्रैबो टीआर06-6 को लॉन्च किया। यह रोबोट विभिन्न उद्योगों में रोबोटिक्स ऑटोमैशन की जरूरतों को पूरा करेगा। बता दें कि इससे पहले कंपनी ने ब्रैबा का 5 एक्सिस वेरियंट पेश किया था जिसका भारतीय बाजार में काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला। इस रोबोट की जरूरत जटिल मैन्युफैक्चरिंग ऐप्लीकेशंस में पड़ती है।

    ब्रैबो टीआर06-6 लेकर कंपनी का दावा है कि यह पहले के मुकाबले अधिक उन्नत है और इसे लगाना, इस्तेमाल करना और इसका रखरखाव बहुत आसान है। ब्रैबो टीआर06-6 की मॉड्यूलर डिजाइन इसके कार्यक्षेत्र के दायरे को बढ़ाती है, पाथ एक्युरेसी सुनिश्चित करती है और इसमें बहुत कम शोर होता है। इस रोबोट का टीच पेंडेन्ट हल्का है। यूजर-फ्रैंडली इंटरफेस के साथ ही इसकी बेहतरीन डिजाइन से रोबोट चलाना सीखना बच्चों का खेल होगा। इस रोबोट की कीमत 7.52 लाख रुपये है।

    कहां-कहां होगा ब्रैबो टीआर06-6 का इस्तेमाल

    यह रोबोट वेल्डिंग, कटिंग, सीलिंग, ग्लूइंग, मैटेरियल हैंडलिंग, विजन M इंस्पेक्शन, चैम्फरिंग, डीबरिंग और अन्य अनुप्रयोगों जैसे ऑटोमेटिंग कार्यों के लिये बिल्कुल उपयुक्त है। ब्रैबो टीआर06-6 इलेक्ट्रॉनिक्स, मेटल फैब्रिकेशन, प्लास्टिक्स, फाउंडीं, एफएमसीजी और ऑटोमोटिव उद्योगों में रोबोटिक्स ऑटोमैशन की जरूरतों को पूरा करेगा। ब्रैबो टीआर06-6 क्वॉलिटी एवं प्रोडक्टिवटी में सुधार करेगा और फ्लेक्सिबिलटी लाएगा, जिससे उद्योग स्वतंत्र रूप से रोबोटिक ऑटोमैशन को तेजी से अपनाएंगे। कंपनी का कहना है कि ब्रैबो टीआर06-6 का डिजाइन ऐसा है कि इसे वे कर्मचारी भी आसानी से चला सकते हैं जिन्हें पहले रोबोट चलाने का कोई अनुभव नहीं है। यह रोबोट एसएमई और एमएसएमई के लिये बिल्कुल उचित है। टीएएल ने इस रोबोट की खरीदारी में वित्तीय सहयोग देने के लिये टाटा कैपिटल से गठबंधन भी किया है।

    ब्रैबो टीआर06-6 के लॉन्च के अवसर पर टीएएल मैन्युफैक्चरिंग सॉल्यूूशन लिमिटेड के मुख्य परिचालन अधिकारी श्री अमित भिंगुर्डे ने कहा, 'हमें ब्रैबो टीआर06-6 के लॉन्च की घोषणा कर बहुत खुशी हो रही है। विभिन्न उद्योगों में उत्पादन जरूरतों को पूरा करने के लिए स्वदेशी ऑटोमेशन समाधान प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। बै्रबो टीआर06-6 की मदद से बड़ी और छोटी दोनों मैन्युफैक्चरिंग कंपनियां अपनी कार्य प्रक्रियाओं में विश्वस्तरीय इंजीनियरिंग समाधान लेकर आयेंगी। इससे उनका बिजनेस तकनीकी रूप से उन्नत बनाने में मदद मिलेगी।'