एक साथ 11 स्मार्टफोन पर पोकेमॉन गो खेलते हैं ये दादा जी, युवा हैं इनके दीवाने

वैसे तो कहा जाता है कि मोबाइल गेम के प्रति युवाओं की दीवानगी बहुत ज्यादा है लेकिन आपको जानकर आश्चर्य होगा कि चीन में एक ऐसे दादा जी हैं जो पोकेमॉन गो गेम के पीछे पागल हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि चेन सैन युआन 11 स्मार्टफोन पर एक साथ पोकेमॉन गेम खेलते हैं। दादा जी ने 11 स्मार्टफोन को अपने साइकल पर लगा रखा है। ताइवान में चेन सैन युआन को लोक पोकेमॉन अंकल कहते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक पोकेमॉन अंकल लगातार 20 घंटे तक अपनी साइकल पर पोकेमॉन गेम खेलते हैं। अंत में फोन की बैटरी खत्म होने के बाद ही वे दम लेते हैं। अपनी इस आदत पर पोकेमॉन अंकल हर महीने 1,290 डॉलर यानि 93,190 रुपये खर्च करते हैं।

पोकेमॉन अंकल गेम खेलने के इतने दीवाने हैं कि वे एक साथ कई सारे पावरबैंक्स लेकर चलते हैं, ताकि फोन की बैटरी खत्म होने पर गेम बंद ना हो। चेन सैन युआन पूरी रात गेम खेलते हुए पोकेमॉन को पकड़ने के लिए शहर में घूमते रहते हैं। चेन का कहना है कि गेम खेलने से उन्हें दोस्त बनाने में मदद मिलती है और साथ ही अल्जाइमर से भी उन्हें राहत मिलती है। बता दें कि चेन अल्जाइमर से पीड़ित हैं।

गौरतलब है कि पोकेमॉन गेम साल 2016 की जुलाई में लांच हुआ था और बहुत ही कम समय में यह वायरल हो गया। हालत यह हो गई है कई लोग पोकेमॉन खेलते हुए छत से नीचे गिर गए और कई लोग अपने देश का बॉर्डर भी पार कर गए। इस गेम में लोग स्मार्टफोन पर आभासी कैरेक्टर को पकड़ना होता है।