Privacy policy: सुप्रीम कोर्ट से WhatsApp और Facebook को झटका, CCI की जांच रहेगी जारी
बता दें कि दो छात्रों ने भी व्हाट्सएप की नई प्राइवेसी पॉलिसी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इन छात्रों का कहना है कि उपयोगकर्ताओं द्वारा शेयर किए गए कॉल, फोटो, टेक्स्ट, वीडियो और डॉक्युमेंट्स को किसी अन्य कंपनी के साथ शेयर करना उनकी गोपनीयता और फ्री स्पीच का उल्लंघन है।

विस्तार
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को सोशल मीडिया फर्म व्हाट्सएप और फेसबुक को उनकी नई प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर बड़ा झटका दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि मेटा के स्वामित्व वाली व्हाट्सएप और फेसबुक की नई प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग यानी (CCI) का जांच जारी रहेगी।
दरअसल, इन सोशल मीडिया कंपनियों ने सुप्रीम कोर्ट में नई प्राइवेसी पॉलिसी की वैधता को लेकर पेंडिंग सुनवाई का हवाला देकर CCI की ओर से आदेश पास करने पर रोक लगाने की मांग की थी। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग एक स्वतंत्र संस्था है और उनकी कॉम्पीटीशन एक्ट के उल्लंघन को लेकर की जा रही जांच को रोका नहीं जा सकता।
बता दें कि इससे पहले भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग की जांच का विरोध करते हुए व्हाट्सएप और फेसबुक ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। हाईकोर्ट की डबल बेंच ने इन कंपनियों की भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) की जांच के खिलाफ लगाई गई अर्जी को खारिज कर दिया था। बता दें कि पिछली साल की शुरुआत में ही भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने व्हाट्सएप की नई प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर जांच के आदेश दिए थे, जिसके बाद इन सोशल मीडिया कंपनियों ने पहले दिल्ली हाईकोर्ट और उसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने याचिका दायर की थी।
व्हाट्सएप की नई प्राइवेसी पॉलिसी के खिलाफ दो छात्रों ने भी सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है, जिसकी सुनवाई 17 जनवरी 2023 तक के लिए स्थगित की गई है। इन छात्रों का कहना है कि उपयोगकर्ताओं द्वारा शेयर किए गए कॉल, फोटो, टेक्स्ट, वीडियो और डॉक्युमेंट्स को किसी अन्य कंपनी के साथ शेयर करना उनकी गोपनीयता और फ्री स्पीच का उल्लंघन है। सोशल मीडिया कंपनियों को यूजर के पर्सनल डाटा को लेकर अपनी मनमानी नहीं करनी चाहिए।
क्या है व्हाट्सएप की नई प्राइवेसी पॉलिसी?
व्हाट्सएप ने साल 2021 में एक प्राइवेसी पॉलिसी को जारी किया था, जिसे उसकी पैरेंट कंपनी फेसबुक को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। नई प्राइवेसी के तहत व्हाट्सएप का डाटा फेसबुक, इंस्टाग्राम और पार्टनर कंपनियों के साथ शेयर किया जा सकता है। हालांकि व्हाट्सएप ने ये भी कहा था कि नई पॉलिसी सिर्फ बिजनेस अकाउंट के लिए है। नई पॉलिसी के तहत व्हाट्सएप पेमेंट का डाटा भी फेसबुक के साथ शेयर किया जाएगा यानी इसमें पैमेंट से लेकर ट्रांजेक्शन तक की जानकारी होगी।