Starlink: भारत से पहले इस पड़ोसी देश में लॉन्च हुआ सैटेलाइट इंटरनेट, कीमत जानकर उड़ जाएंगे होश
Starlink: भारत में स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस को आधिकारिक मंजूरी मिलने का इंतजार किया जा रहा है, जबकि पड़ोसी देश भूटान में ये सर्विस शुरू हो चुकी है।

विस्तार
Starlink In Bhutan:
भारत के पड़ोसी देश भूटान में एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस स्टारलिंक (Starlink Satellite Internet) लॉन्च हो चुकी है। स्टारलिंक के मालिक एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर भूटान में सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस की लॉन्चिंग की जानकारी दी है। इसकी शुरुआत दिसंबर 2024 में ही हो चुकी थी। वहीं, भारत में स्टारलिंक सर्विस का काफी समय से इंतजार किया जा रहा है।
भूटान के लिए इस सर्विस को जरूरी भी माना जा रहा है, क्योंकि भूटान एक पहाड़ी देश है जिसके कारण यहां ऑप्टिकल फाइबर केबल और मोबाइल टावर की मदद से इंटरनेट पहुंचाना काफी मुश्किल है। ऐसे में सैटेलाइट से हाई-स्पीड इंटरनेट से पहुंचाना आसान हो जाता है।
सस्ता नहीं है सैटेलाइट इंटरनेट

अगर आप सोच रहे हैं कि सैटेलाइट इंटरनेट सस्ता होगा, तो ऐसा नहीं है। भूटान के सूचना विभाग ने स्टारलिंक की कीमत तय की है। इसके तहत रेजिडेंशियल लाइट प्लान की कीमत भूटानी करेंसी में लगभग Nu 3,000 है, जो करीब 3,001 रुपये प्रति माह है। इसमें 23 Mbps से 100 Mbps तक की स्पीड मिलती है। स्टैंडर्ड रेजिडेंशियल प्लान की कीमत Nu 4,200 यानी करीब 4,201 रुपये प्रति माह है, जिसमें 25 Mbps से 110 Mbps तक की स्पीड मिलती है। बता दें कि सैटेलाइट इंटरनेट की कीमत लोकल टेलिकॉम ऑपरेटर के मुकाबले काफी ज्यादा हैं।
भारत में कब लॉन्च होगी स्टारलिंक सर्विस

फिलहाल, भारत में स्टारलिंक सर्विस को आधिकारिक मंजूरी मिलने का इंतजार किया जा रहा है। बता दें कि स्टारलिंक के साथ अमेजन समेत कई अन्य कंपनियों ने सैटेलाइट इंटरनेट के लिए आवेदन किया है, जो भारत सरकार के पास रिव्यू के लिए मौजूद हैं। भारत में सैटेलाइन इंटरनेट के लिए सरकार सैटेलाइट स्पेक्ट्रम आवंटने करेगी।
किन लोगों के लिए मददगार है यह टेक्नोलॉजी
मौजूदा समय में सैटेलाइट से इंटरनेट चलाने की टेक्नोलॉजी महंगी है, लेकिन यह उन देशों के लिए मददगार साबित हो सकती है, जहां मोबाइल टावर और ऑप्टिकल फाइबर केबल की मदद से इंटरनेट पहुंचाना मुश्किल है।
किन देशों में मौजूद है स्टारलिंक सर्विस
स्टारलिंक सैटेलााइट इंटरनेट सर्विस की शुरूआत अमेरिका से हुई थी, लेकिन इसका विस्तार अब अमेरिका से बाहर कई देशों में हो चुका है। यह सर्विस अमेरिका के साथ कनाडा, यूके, फ्रांस, जर्मनी, ऑस्ट्रिया, नीदरलैंड, आयरलैंड, बेल्जियम, स्विट्जरलैंड, डेनमार्क, पुर्तगाल, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड जैसे देशों में उपलब्ध है।