Starlink: एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक ने भारत में की भर्ती शुरू, जल्द लॉन्च होगी सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Fri, 31 Oct 2025 07:55 PM IST
सार

एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के स्वामित्व वाली स्टारलिंक ने भारत में अपनी पहली भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्टारलिंक भारत में अपनी सैटेलाइट ब्रॉडबैंड सेवाएं 2025 के अंत या 2026 की शुरुआत तक शुरू कर सकती है।

विज्ञापन
Starlink begins hiring in India for satellite broadband launch
स्टारलिंक ने भारत में भर्ती प्रक्रिया शुरू की - फोटो : Starlink

    विस्तार

    अमेरिकी अरबपति एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) के स्वामित्व वाली स्टारलिंक ने भारत में अपनी पहली भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कदम भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं के लॉन्च की दिशा में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।

    बेंगलुरु बनेगा स्टारलिंक का मुख्य ऑपरेशनल बेस

    कंपनी के स्पेसएक्स करियर पोर्टल पर जारी जॉब पोस्टिंग के अनुसार, स्टारलिंक ने फाइनेंस और अकाउंटिंग विभागों में कई पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें अकाउंटिंग मैनेजर, पेमेंट्स मैनेजर, सीनियर ट्रेजरी एनालिस्ट और टैक्स मैनेजर जैसे पद शामिल हैं। सभी पदों का कार्यस्थल बेंगलुरु रखा गया है, जो स्टारलिंक का भारत में मुख्य परिचालन केंद्र होगा। कंपनी ने कहा है कि वह ऐसे उम्मीदवारों की तलाश में है जो भारत में स्थानीय निवासी हों और उनके पास वैध वर्क परमिट हो। किसी भी पद के लिए रिमोट या हाइब्रिड वर्क की सुविधा नहीं दी जाएगी।

    विज्ञापन

    भारत में स्टारलिंक इंटरनेट कब लॉन्च होगा?

    स्टारलिंक की योजना 2025 के अंत या 2026 की शुरुआत तक भारत में अपनी सैटेलाइट ब्रॉडबैंड सेवाएं शुरू करने की है। कंपनी वर्तमान में भारत के सुरक्षा और रेगुलेटरी अप्रूवल पर काम कर रही है। हाल ही में स्टारलिंक ने मुंबई में सुरक्षा एजेंसियों के सामने अपने नेटवर्क का डेमो दिया, ताकि सरकार उसकी साइबर सुरक्षा और लॉफुल इंटरसेप्शन क्षमताओं की जांच कर सके। यह प्रक्रिया दूरसंचार विभाग (DoT) के जरिए स्पेक्ट्रम आवंटन से पहले की एक जरूरी शर्त है।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    स्टारलिंक का ग्राउंड नेटवर्क और ऑफिस सेटअप

    स्पेसएक्स ने भारत में तीन ग्राउंड स्टेशन पहले ही तैयार कर लिए हैं, जिनका निरीक्षण जल्द ही किया जाएगा। शुरुआती चरण में ये स्टेशन मुंबई, चेन्नई और नोएडा में स्थापित होंगे। आगे चलकर कंपनी चंडीगढ़, लखनऊ और कोलकाता समेत 9-10 जगहों पर विस्तार की योजना बना रही है। कंपनी ने मुंबई के चांदिवली इलाके में 1,294 वर्ग फुट का ऑफिस भी लीज पर लिया है। लीज एग्रीमेंट के अनुसार, कंपनी हर महीने 3.52 लाख रुपये किराया देगी और 31.7 लाख रुपये का सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा किया गया है।

    स्टारलिंक की कीमतें और सब्सक्रिप्शन प्लान

    स्टारलिंक की सेवाओं के लिए एकमुश्त सेटअप फीस लगभग 30,000 रुपए से 35,000 रुपए तक हो सकती है। वहीं, मासिक सब्सक्रिप्शन प्लान 3,000 रुपए से 4,200 रुपए के बीच रहने की उम्मीद है। कीमतें यूजर की लोकेशन और उपयोग पर निर्भर करेंगी। इन दरों से यह साफ है कि स्टारलिंक की सेवाएं प्रीमियम इंटरनेट सेगमेंट में आएंगी, जो बेहतर स्पीड और लो-लेटेंसी इंटरनेट के लिए तैयार उपयोगकर्ताओं को टारगेट करेंगी।

    स्टारलिंक को टक्कर देने तैयार जियो और वनवेब

    भारत में सैटेलाइट इंटरनेट की रेस अब तेज हो गई है। स्टारलिंक को यूटेलसैट वनवेब और जियो सैटेलाइट जैसी कंपनियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा मिलेगी। ये सभी कंपनियां नियामक मंजूरी के अंतिम चरण में हैं और स्पेक्ट्रम अलॉटमेंट का इंतजार कर रही हैं। इसी बीच अमेजन भी अपने प्रोजेक्ट कुइपर के तहत भारत में भर्ती बढ़ा रहा है। कंपनी टेलीकॉम बिजनेस डेवलपमेंट हेड, जीटीएम लीड और प्रोग्राम मैनेजर जैसे पदों के लिए उम्मीदवार तलाश रही है।

    भारत में शुरू हुई सैटेलाइट इंटरनेट की रेस

    स्टारलिंक और अमेजन दोनों की तेजी से बढ़ती गतिविधियों के साथ ही, भारत में सैटेलाइट ब्रॉडबैंड इंडस्ट्री अब क्रियान्वयन के चरण में प्रवेश कर चुकी है। इससे न केवल देश में हाई-स्पीड इंटरनेट की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण और दूरदराज इलाकों में डिजिटल कनेक्टिविटी को भी नया बल मिलेगा। एलन मस्क की स्टारलिंक भारत में अपने लॉन्च की तैयारी में है। बेंगलुरु से ऑपरेशन शुरू कर, कंपनी अगले साल तक भारत में हाई-स्पीड सैटेलाइट इंटरनेट सेवा देने की योजना बना रही है, जो ग्रामीण भारत के लिए एक बड़ी डिजिटल छलांग साबित हो सकती है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें