दवा की खुराक की तरह डाटा इस्तेमाल करने लगे हैं भारतीय, हर रोज 1GB करते हैं खर्च

वैसे तो दो साल पहले तक हम 1 जीबी डाटा पूरे एक महीने तक बचा-बचाकर इस्तेमाल करते थे लेकिन अब हम हर रोज औसत 1 जीबी डाटा इस्तेमाल करने लगे हैं। इसके अलावा पूरे दिन में 90 मिनट ऑनलाइन रहते हैं। यह आंकड़ा इसलिए हैरान करने वाला है क्योंकि करीब डेढ़ साल पहले तक भारतीय मोबाइल यूजर्स एक महीने में औसतन 4 जीबी डाटा का इस्तेमाल करते थे। इसकी जानकारी नीलसन इंडिया की एक रिपोर्ट से मिली है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि पूरी दुनिया के ग्राहकों द्वारा ऑनलाइन समय बिताने का औसत 135 मिनट का है। नीलसन ने ज्यादा डाटा खर्च करने के पीछे सस्ते स्मार्टफोन और कम कीमत में मिलने वाला डाटा प्लान का हवाला दिया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पहले के मुकाबले अब ज्यादा लोग स्मार्टफोन खरीदने लगे हैं।
नीलसन इंडिया के डायरेक्टर (टेक्नोलॉजी आईपीपी) अभिजीत मटकर के मुताबिक अब बाजार में 5,000 रुपये से कम कीमत में स्मार्टफोन आ गए हैं। ऐसे में एक अलग तरह के ग्राहकों को समूह पैदा हुआ है जिन्होंने फीचर फोन की जगह सीधे स्मार्टफोन खरीद लिए। पिछले 15 से 18 महीनों में डाटा का सबसे ज्यादा इस्तेमाल व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और गूगल क्रोम में हुआ है।
बढ़ रही है स्मार्टफोन की औसत कीमत
नीलसन की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि बाजार में रोज सस्ते स्मार्टफोन लांच हो रहे हैं लेकिन स्मार्टफोन की औसत कीमत में इजाफा हुआ है। 3 साल पहले तक स्मार्टफोन की औसत कीमत 7,700 रुपये थी जो अब 10,000 रुपये तक पहुंच गई है।