चार्जिंग के दौरान फटा मोबाइल, परिवार के 4 लोग झुलसे

प्रदीप पांडे
टेक डेस्क, अमर उजालाप्रदीप पांडे
Sat, 29 Dec 2018 01:34 PM IST
Smartphone explosion in Thane, 4 family injured
Smartphone explosion thane - फोटो : toi

    यदि आप भी अपने पास ही या बेड पर मोबाइल को रखकर चार्ज करते हैं तो आपको बेहद ही सावधान रहने की जरूरत है। पहले गर्मी के कारण मोबाइल फोन में आग लगती थी लेकिन अब सर्दी के मौसम में भी फोन में धमाके की खबर है। मुंबई के ठाणे में मोबाइल में आग लगने के कारण एक ही परिवार के लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुंबई मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना ठाणे के शाहपुर गांव की है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार घटना सुबह 6 बजे हुई है जब परिवार के सभी लोग सो रहे थे। मोबाइल में हुआ ब्लास्ट इतना जोरदार था कि पूरे घर में आग लग गई है। इस हादसे में दो लोग 35 फीसदी तक जल गए हैं, वहीं दो बच्चों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है।

    पुलिस के मुताबिक ठाणे के शाहपुर गांव में राजू शिंदे, उनकी पत्नी, बेटी और अभिषेक नाम का बेटा सभी लोग एक ही कमरे में सो रहे थे। राजू ने सुबह करीब 5.30 बजे मोबाइल को चार्जिंग में लगाकर खिड़की पर रख दिया और सो गए। इसके बाद 6 बजे के करीब धमाके से उनकी नींद खुली तो देखा कि पूरे घर में आग फैल चुकी है।

    धमाके को आसपास के लोगों ने भी सुना। आग बुझाने के लिए फायर बिग्रेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। इस हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हैं और सभी का इलाज पास के ही एक अस्पताल में चल रहा है। राजू ने पुलिस को बताया कि उन्होंने एक महीने पहले ही फोन को खरीदा था। उन्होंने पुलिस में मोबाइल कंपनी के खिलाफ भी शिकायत की है और हर्जाने की मांग की है। हालांकि पुलिस रिपोर्ट में मोबाइल की कंपनी के नाम का खुलासा नहीं हुआ है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें