Refrigerator Guide: खरीदने जा रहे हैं नया फ्रिज, जरा ठहरकर देखें सिंगल, डबल और कंवर्टेबल में से किसे चुनें
अगर आप इस गर्मी में नया फ्रिज लेने की सोच रहे हैं तो आपको एक बार इस आर्टिकल पर ध्यान देना चाहिए। कई सारे विकल्पों में से कौन सा विकल्प आपके लिए बेहतर हो सकता है। जानिए डिटेल।

विस्तार
गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है, ऐसे में काफी लोग नया फ्रिज खरीदने की तैयारी कर रहे होंगे। अगर आप भी इन दिनों अपने घर में नया फ्रिज लाने की सोच रहे हैं मगर इतने सारे मॉडल और विकल्पों में से किसे चुनें। ये तय नहीं कर पा रहे हैं तो आपको ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है। इस खबर में जानिए सिंगल डोर, डबल डोर और कंवर्टेबल फ्रिज में से कौन से विकल्प को अपने लिए सेलेक्ट करें। अपने लिए नया फ्रिज चुनने से पहले आपको कुछ बातों का खास ध्यान रखना होगा।
अगर आप नया फ्रिज खरीदने जा रहे हैं तो आपको पहले ये देखना होगा कि आपके परिवार में कितने लोग है, मतलब आपको कितने लोगों के लिए फ्रिज की जरूरत है। अगर आपके परिवार में 2 से 3 लोग हैं तो आपके लिए 150 से 200 लीटर वाला फ्रिज काफी होगा। वहीं, अगर 4 से 5 लोग हैं तो 200 से 250 लीटर की क्षमता वाला फ्रिज ले सकते हैं। अगर परिवार में 5 लोगों से अधिक है तो आप 250 लीटर की क्षमता से ज्यादा का फ्रिज खरीद सकते हैं। फ्रिज खरीदते वक्त आपको घर की जगह का भी ध्यान रखना है।
अगर आप सिंगल डोर वाला फ्रिज खरीद रहे हैं तो आपको बता दें कि ये फ्रिज कम जगह लेते हैं। मगर इसमें सामान रखने के लिए इन्हें पूरा खोलना पड़ता है। इन फ्रिज में अधिकतर बेहतर पावर सेविंग मिलती है। मगर इनमें मैनुअल तरीके से डिफ्रॉस्ट करनी पड़ती है।