Silent Call Fraud: फोन उठाने पर सामने से नहीं आती आवाज? साइलेंट कॉल पर सरकार का बड़ा अलर्ट, जानें कैसे बचें
Silent Call Scam In India:
आज कल कई लोगों को फोन पर ऐसे कॉल आ रहे हैं जिन्हें उठाने पर सामने से कोई आवाज नहीं आती। दूरसंचार विभाग (DoT) ने चेतावनी जारी की है कि ऐसे कॉल आपको बड़ी मुसीबत में डाल सकते हैं। जानिए आपको बचने के लिए क्या करना चाहिए।

विस्तार
क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि फोन बजा, आपने कॉल रिसीव की और हैलो बोला, लेकिन उधर से बिल्कुल सन्नाटा छाया रहा? अक्सर हम इसे नेटवर्क की दिक्कत मानकर नजरअंदाज कर देते हैं और कभी-कभी उस नंबर पर कॉल बैक भी कर लेते हैं। अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो ठहर जाइए! आप एक बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार बन सकते हैं।
दूरसंचार विभाग (DoT) ने देश के करोड़ों मोबाइल यूजर्स के लिए साइलेंट कॉल (Silent Call) को लेकर एक गंभीर चेतावनी जारी की है। आइए जानते हैं आखिर क्या है यह नया स्कैम और आप इससे कैसे बच सकते हैं।
क्या है साइलेंट कॉल का खेल?
दूरसंचार विभाग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए समझाया है कि जब आपको किसी अंजान नंबर से कॉल आती है जिसमें उधर से कोई आवाज नहीं आती, तो यह कोई गलती या नेटवर्क की समस्या नहीं बल्कि स्कैमर्स की सोची-समझी साजिश हो सकती है।
दूरसंचार विभाग ने बताया कि साइबर अपराधी इस तरह की कॉल स्क्रीनिंग के लिए करते हैं। वे बस यह चेक करना चाहते हैं कि आपका मोबाइल नंबर एक्टिव है या नहीं। जब आप कॉल उठाते हैं, तो स्कैमर्स यह नोट करते हैं कि आपने कॉल उठाने में कितना समय लगाया, आपके बैकग्राउंड में कैसी आवाजें आ रही हैं और आप किस लहजे में बात कर रहे हैं। इससे वे आपकी प्रोफाइलिंग करते हैं और आपका नंबर उनकी टारगेट लिस्ट में शामिल हो जाता है।
कॉल उठाने के बाद क्या होता है?
एक बार जब स्कैमर्स को यकीन हो जाता है कि नंबर एक्टिव है और यूजर कॉल रिसीव करता है, तो असली खेल शुरू होता है। कुछ दिनों बाद आपको अलग-अलग नंबरों से कॉल या मैसेज आने शुरू हो जाते हैं। आपको डराया जा सकता है कि आपका बैंक अकाउंट या क्रेडिट कार्ड ब्लॉक होने वाला है। कई बार स्कैमर खुद को बैंक अधिकारी या पुलिस बताकर आपसे ठगी की कोशिश करते हैं।
कैसे रखें खुद को सुरक्षित?
दूरसंचार विभाग ने इस खतरे से बचने के लिए यूजर्स को कुछ जरूरी निर्देश दिए हैं:अगर किसी अनजान नंबर से कॉल आए और आवाज न आए, तो भूलकर भी उस नंबर पर वापस कॉल न करें। यह खतरनाक हो सकता है।ऐसे संदिग्ध नंबरों को नजरअंदाज करने के बजाय तुरंत सरकार के संचार साथी (Sanchar Saathi) पोर्टल या एप पर रिपोर्ट करें। इसके अलावा, Chakshu फैसिलिटी के जरिए आप ऐसे नंबर्स की शिकायत दर्ज करा सकते हैं।अगर ऐसे नंबर से कॉल में OTP, पासवर्ड या कार्ड डिटेल मांगा जाए तो भारत सरकार के साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।