आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस: तकनीक से पोषक तत्वों और कैलोरी की हो सकेगी गठना, एआई रखेगा हर निवाले पर नजर!

दीपक कुमार शर्मा
टेक डेस्क, अमर उजालादीपक कुमार शर्मा
Wed, 26 Jun 2024 05:40 AM IST
सार

वैज्ञानिक एक ऐसी डाइट-मॉनिटरिंग एआई तकनीक विकसित कर रहे हैं, जो आपके आहार के हर निवाले पर नजर रखेगी। साथ ही यह पोषक तत्वों और कैलोरी की गणना भी करेगी।

Scientists developing AI technology for diet monitoring which calculate nutrients and calories
एआई (प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : फ्री-पिक/अमर उजाला

    विस्तार

    डाइट-मॉनिटरिंग एआई तकनीक खाते समय आपके प्रत्येक निवाले पर नजर रखेगी और यह अनुमान लगाएगी कि आप कितना और कैसा खा रहे हैं। इसका लक्ष्य प्रत्येक चम्मच में कैलोरी और पोषक तत्वों को मापना है। हालांकि भोजन के इन पहलुओं को मापने के लिए एआई का उपयोग कोई नया नहीं है, पहले से ऐसे कई एप हैं, जो भोजन की तस्वीर लेकर कैलोरी की गणना करते हैं। कनाडा में वाटरलू विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक इसे अगले स्तर पर ले जा रहे हैं। वे ऐसी नई तकनीक विकसित कर रहे हैं, जो आहार के पोषक तत्वों और कैलोरी को ट्रैक करने के लिए आपके खाने की वीडियो फुटेज का विश्लेषण करेगी। यह हाईटेक सिस्टम कांटे और चॉपस्टिक के साथ भी काम करेगा।

    वाटरलू विश्वविद्यालय के शोधकर्ता वैज्ञानिकों के अनुसार, फिलहाल भोजन में मौजूद पोषक तत्वों का पता लगाने के लिए जिन एल्गोरिदम का उपयोग किया जा रहा है, उनमें भोजन की तस्वीरें एक या दो बार ली जाती हैं। यह तकनीक खाद्य पदार्थों में मिले हुए उन पोषक तत्वों को पकड़ने में विफल हो सकती है, जो दिखाई नहीं देते हैं, जैसे कि स्टू में डूबी हुई सामग्री। शोधकर्ता यूहाओ चेन के अनुसार, अधिकतर मामलों में घर पर खाने वाले लोगों के लिए पकवान का कोई नाम नहीं होता। वह सिर्फ फ्रिज में उपलब्ध चीजों को मिलाकर बनाया गया पकवान हो सकता है। शोधकर्ताओं के अनुसार, मौजूदा एआई ट्रैकिंग सिस्टम की तरह आपकी प्लेट की तस्वीर देखने के बजाय यह नई तकनीक आपके मुंह तक जाने वाले प्रत्येक चम्मच का अध्ययन करेगी, जिससे अधिक सटीक विश्लेषण प्राप्त होगा। इसमें त्रुटि की संभावना केवल 4.4 प्रतिशत ही है। हालांकि यह सिस्टम वर्तमान में आपके चम्मच पर भोजन की पहचान नहीं करता है। इसलिए हमारी कोशिश है कि इसका पता लगाया जाए कि आप क्या खा रहे हैं। आखिर इसे खाद्य पदार्थों की एक विस्तृत शृंखला को पहचानने में सक्षम होना चाहिए, यहां तक कि उन खाद्य पदार्थों को भी, जिनको इसने पहले नहीं देखा है।

    वैज्ञानिकों के अनुसार, नई आहार प्रौद्योगिकियों का उद्देश्य मोटापे और पोषण संबंधी समस्याओं से ग्रस्त लोगों के स्वास्थ्य में सुधार लाना है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी 24 घंटे आहार और स्वास्थ्य के बारे में उपयोगकर्ताओं के सवालों का जवाब देने के लिए सराह (स्मार्ट एआई रिसोर्स असिस्टेंट फॉर हेल्थ) नामक अपना एआई हेल्थ प्रमोटर जारी किया है। लेकिन यह एआई हेल्थ प्रमोटर आपके आहार सेवन की निगरानी करने और स्वस्थ विकल्प चुनने के लिए केवल एक सहायक उपकरण हो सकता है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें