प्रोजेक्ट ग्रेनाइट: यूरोप की दिग्गज कंपनी पर साइबर हमला, हैकर्स के हाथ लगे टोकन; क्या ग्राहकों का डेटा सेफ?

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Fri, 27 Nov 2026 12:34 PM IST
सार
  • यूरोप की सबसे बड़ी टेक कंपनी पर हुआ बड़ा साइबर हमला।
  • हैकर्स ने चुराए ऑथेंटिकेशन टोकन।
  • सोर्स कोड तक पहुंचने की आशंका है।
  • कंपनी ने तुरंत जरूरी कदम उठाए।
विज्ञापन
SAP Hit by Cyberattack: Hackers Have Accessed Source Code, Customer Data Safe
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    यूरोप की सबसे बड़ी टेक कंपनी एसएपी भी साइबर हमले से नहीं बच सकती। इस हफ्ते की शुरुआत में हैकर्स ने कंपनी के सिस्टम का निशाना बना लिया। फिलहाल सामने आई जानकारी के अनुसार, हमलावर एसएपी कर्मचारियों के ऑथेंटिकेशन टोकन चुरा लिए हैं। साथ ही इसके जरिए हैकर्स ने गिटहब पर मौजूद कंपनी के सोर्स कोड तक पहुंच बनाई और उसकी कॉपी भी की। हालांकि, एसएपी ने साफ किया है कि ग्राहकों के बिजनेस डेटा हैकर्स के हाथ लगने का कोई सबूत नहीं है। साथ ही कंपनी ने सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाते हुए इस घटना को प्रोजेक्ट ग्रेनाइट नाम दिया।

    कैसे मिली घटना की जानकारी?

    • इस मामले के बारे में सबसे पहले डेर स्पीगेल ने रिपोर्ट दी। इनके रिपोर्ट के अनुसार, एसएपी ने एक आंतरिक पत्र के जरिए अपने कर्मचारियों को बताया कि इस हफ्ते की शुरुआत में कंपनी एक एक्टिव सिक्योरिटी इंसीडेंट यानी की सक्रिया सुरक्षा घटना का सामना कर रही थी।
    • हालांकि कंपनी की तरफ से हमले को लेकर कोई विस्तृत रिपोर्ट सामने नहीं आई है, लेकिन कंपनी के ही एक सूत्र से पता चला है कि हैकर्स एसएपी कर्मचारियों के ऑथेंटिकेशन टोकन चुराने में कामयाब रहे और इसके बाद गिटहब पर मौजूद एसएपी के साेर्स कोड में हेरफेर की और उसे कॉपी कर लिया।

    नवंबर में बढ़े साइबर हमले और डेटा लीक के मामले

    • इस महीने यह कोई पहला साइबर हमला नहीं हुआ है। नवंबर में ही कई दिग्गजों के कंपनियों में हैकर्स ने सेंध लगाई है। इसी हफ्ते फीफा (FIFA) और CIA के ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म (OSINT) पर भी साइबर हमले हुए हैं, लेकिन बात यहीं खत्म नहीं होती।
    • लगातार सामने आ रहे बड़े-बड़े साइबर हमलों के बाद इस महीने को नाइटमेयर नवंबर नाम दिया गया है, क्योंकि इस दौरान कई डेटा ब्रीच और तकनीकी रुकावटें (outages) भी देखने को मिली हैं।
    • हाल ही में, शोधकर्ताओं को डेटा लीक के दो अलग-अलग मामले मिले, जिनमें कुल मिलाकर 3.5 अरब से ज्यादा रिकॉर्ड्स के उजागर होने का खतरा है। इसके अलावा, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) जैसे बैंकों पर भी साइबर हमले हुए हैं।
    • सबसे बड़ी घटना पिछले महीने हुई थी, जब दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज, बाइनेंस (Binance) को एक साइबर हमले में 6.3 अरब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा।

    साइबर हमलों में AI का बढ़ता खतरा

    • साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी चिंता हमलों में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का बढ़ता इस्तेमाल सामने आ रहा है। हैकर्स एआई एजेंट्स का उपयोग करके तेजी से साइबर हमलों का अंजाम दे सकते हैं और मुमकिन है ऐसा पहले से हो रहा हो।
    • हाल ही में, गूगल थ्रेट इंटेलिजेंस ग्रुप (GTIG) ने बताया कि उन्हें एक ऐसा AI फ्रेमवर्क मिला है, जिसे इंसानी दखल के बिना ही हमले की योजना बनाने और उसे अंजाम देने के लिए डिज़ाइन किया गया है। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट ने भी चेतावनी दी है कि चीन से जुड़े हैकर्स साइबर हमलों के लिए AI का इस्तेमाल कर रहे हैं।

    कंपनी ने क्या कहा?

    • साइबर हमले का शिकार होने वाली कंपनियों की सूची में अब एसएपी का नाम भी जुड़ गया है। हालांकि टेक कंपनी ने पुष्टि की है कि हैकर्स ने उसके सिस्टम में सेंध लगाई है, हालांकि कंपनी का कहना है कि ग्राहकों का डेटा सुरक्षित है।
    • कंपनी ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि ग्राहकों का डेटा सुरक्षित है और उनसे संपर्क करने की कोई आवश्यकता नहीं है। पत्र में लिखा था, "इस प्रोजेक्ट के बारे में कोई भी जानकारी आंतरिक है और इसे पूरी तरह से एसएपी के भीतर ही रखा जाना चाहिए।"