Video: सैमसंग के इन दो फोन में लगी आग, चलती कार हो गई है स्वाहा, बाल-बाल बची महिला

साल 2016 में सैमसंग ने जब गैलेक्सी नोट 7 लॉन्च किया था तो उस फोन में आग लगने और फटने की काफी शिकायतें आई थीं। उसके बाद सैमसंग गैलेक्सी नोट 7 को हवाई जहाज में ले जाने पर बैन लगा दिया गया। तमाम शिकायतों के बाद सैमसंग ने सभी गैलेक्सी नोट 7 को वापस मंगाए। वहीं अब सैमसंग के फोन में आग लगने से एक कार जलकर राख हो गई है और इस हादसे में कार में बैठी महिला की जान बाल-बाल बची है।
यह घटना अमेरिका के डेट्रोट की है जहां अपनी कार में सैमसंग गैलेक्सी एस4 और गैलेक्सी एस8 के साथ सफर कर रही थी, तभी अचानक से एक फोन में आग लग गई। इसके बाद महिला ने कार को तुरंत सड़क के किनारे पार्क किया और बाहर निकल आई, लेकिन अपनी कार को नहीं बचा सकी। इस हादसे में महिला की कार जलकर राख हो गई।
वहीं सैमसंग ने इस मामले पर तुरंत जवाब देते हुए अपने कर्मचारियों को घटनास्थल पर भेज दिया है। मामले की जांच हो रही है कि आखिर फोन में आग क्यों और कैसे लगी। कंपनी ने कहा है कि बिना जांच वह कोई बयान नहीं देगी। वहीं महिला ने सैमसंग के खिलाफ अभी कोई शिकायत नहीं की है।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह ही मंबई में एक युवक की शर्ट के पॉकेट में मोबाइल के फटने की घटना सामने आई है। 4 जून को एक रेस्टोरेंट की यह घटना भी CCTV कैमरे में कैद हो गई है। यह घटना मुंबई के भांडुप रेलवे स्टेशन के करीब स्थित बगीचा रेस्टोरेंट की है। वीडियो में देखा जा सकता था कि दोपहर के 2 बजे के करीब कुछ लोग बैठ कर लंच कर रहे हैं और इसी बीच एक शख्स की शर्ट की जेब से धुआं निकलने लगता है। यह देख वहां के लोग घबरा गए। आनन-फानन में शख्स ने मोबाइल को जेब से निकालकर बाहर फेंका।