ChatGPT Ban: सैमसंग ने कर्मचारियों के लिए ChatGPT के इस्तेमाल पर लगाई रोक, संवेदनशील कोड लीक के बाद लिया फैसला
सैमसंग ने कर्मचारियों से कहा, चैटजीपीटी जैसे जेनेरेटिव एआई प्लेटफॉर्म में रुचि आंतरिक और बाहरी रूप से बढ़ रही है, लेकिन जनरेटिव एआई से सुरक्षा जोखिमों के बारे में चिंताएं भी बढ़ रही हैं।

विस्तार
स्मार्टफोन ब्रांड सैमसंग ने अपने कर्मचारियों के लिए चैटजीपीटी जैसे एआई टूल के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। यह बैन कर्मचारियों द्वारा प्लेटफॉर्म पर कंपनी का संवेदनशील कोड लीक का पता लगने के बाद लगाया गया है। इससे पहले ChatGPT को इटली में एक महीने तक बैन किया गया था।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण कोरिया कंपनी ने सोमवार को अपने सबसे बड़े डिवीजनों में से एक में कर्मचारियों को सूचित किया। डॉक्यूमेंट के अनुसार, कंपनी इस बात से चिंतित है कि गूगल बार्ड और बिंग सहित ऐसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म पर प्रेषित डाटा बाहरी सर्वर पर स्टोर हैं, जिससे इसे रिट्राइव करना और डिलीट करना मुश्किल हो जाता है और अन्य यूजर्स के लिए इसे उपलब्ध किया जा सकता है।
कंपनी ने पिछले महीने आंतरिक रूप से एआई डिवाइस के उपयोग के बारे में एक सर्वे किया था और कहा था कि 65 प्रतिशत उत्तरदाताओं का मानना है कि ऐसी सेवाएं सुरक्षा जोखिम पैदा करती हैं। पहले अप्रैल में सैमसंग इंजीनियरों ने गलती से इंटरनल सोर्स कोड को चैटजीपीटी पर अपलोड करके लीक कर दिया था। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जानकारी में क्या शामिल था और सैमसंग ने फिलहाल इससे इनकार किया है।