अमेरिकी विमानन सिस्टम में राउटर की गड़बड़ी से हड़कंप: पांच घंटे तक ठप रहा नेटवर्क, 20 हजार फ्लाइट्स प्रभावित
- अमेरिकी विमानन सिस्टम में बड़ा शटडाउन।
- पांच घंटे तक प्रभावित रहा नेटवर्क।
- 20 हजार से ज्यादा फ्लाइट्स प्रभावित।
- राउटर से बढ़े कनेक्शन अटेम्प्ट्स।

विस्तार
अमेरिका के विमानन सिस्टम में एक राउटर की गड़बड़ी ने हजारों उड़ानों का संचालन प्रभावित कर दिया। शुक्रवार से शुरू हुई इस तकनीकी परेशानी की वजह से अमेरिकी विमानन प्रणाली करीब पांच घंटे तक बड़े शटडाउन से जूझती रही। सरकारी अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवधान के पीछे सरकारी ठेकेदार L3Harris की ओर से लगाया गया एक या कुछ राउटर हो सकते हैं।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुराने कॉपर वायर को फाइबर ऑप्टिक में बदलने के दौरान नए राउटर से असामान्य संख्या में कनेक्शन रिक्वेस्ट भेजी जाने लगीं। ये रिक्वेस्ट हर 4-5 सेकंड में एक हजार से ज्यादा की संख्या में दूसरे राउटरों तक पहुंच रही थीं। इससे फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) की सुविधाओं पर विमानों और रडार के बीच होने वाले कम्युनिकेशन में दिक्कत आने लगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एफएए को नेशनल ग्राउंड स्टॉप जारी करना पड़ा।
राउटर की गड़बड़ी से कैसे बिगड़ा पूरा सिस्टम?
- अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी के अनुसार, सरकारी ठेकेदार एल3हैरिस पुराने कॉपर वायर को फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क में बदलने का नियमित मेंटेनेंस कर रहा था। यह काम कम से कम एक रिमोट लोकेशन पर चल रहा था। अधिकारियों के अनुसार, यह लोकेशन संभवता अर्कांसस और टेक्सास में भी हो सकती हैं।
- इसी अपग्रेड प्रक्रिया के दौरान नए राउटर ने दूसरे राउटरों को बहुत ज्यादा कनेक्शन अटेम्प्ट्स भेजने शुरू कर दिए। ये कोशिशें हर चार से पांच सेकंड में एक हजार से ज्यादा की संख्या में हो रही थीं। इतनी बड़ी संख्या में कनेक्शन रिक्वेस्ट आने से नेटवर्क पर दबाव बढ़ गया और एफएए की सुविधाओं पर विमानों तथा रडार के बीच कम्युनिकेशन प्रभावित होने लगा।
सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए?
नेटवर्क में आई इस परेशानी का असर विमानन संचालन पर पड़ा। स्थिति को देखते हुए FAA ने सुरक्षा के लिहाज से नेशनल ग्राउंड स्टॉप जारी किया। इस तरह के आदेश के तहत विमानों को उड़ान भरने से रोका जाता है, ताकि तकनीकी समस्या के दौरान हवाई यातायात को सुरक्षित रखा जा सके। इसके कारण शुक्रवार से 20 हजार से ज्यादा फ्लाइट्स प्रभावित हुईं। विमानन सिस्टम में करीब पांच घंटे तक बड़ा शटडाउन रहा।
L3Harris की गलती या खराब राउटर?
- परिवहन सचिव शॉन डफी ने कहा कि फिलहाल यह तय नहीं हुआ है कि इस परेशानी के लिए कौन जिम्मेदार है। एल3हैरिस या फिर राउटर में ही कोई तकनीकी खराबी थी।
- यानी अभी यह स्पष्ट नहीं है कि राउटर को इंस्टॉल या इस्तेमाल करने के दौरान कोई मानवीय चूक हुई या डिवाइस में कोई खामी थी। इस बात की जांच की जा रही है कि आखिर किस वजह से राउटर ने इतनी बड़ी संख्या में कनेक्शन रिक्वेस्ट भेजनी शुरू कीं।
अपग्रेड पूरा होने तक दोबारा हो सकती है ऐसी परेशानी
- अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सिस्टम को ठीक तरह से अपग्रेड नहीं किया जाता, तब तक इस तरह की तकनीकी परेशानी दोबारा हो सकती है। परिवहन सचिव शॉन डफी ने मौजूदा स्थिति पर कहा कि यह एक FAA सिस्टम था जो मौके के अनुकूल नहीं था।
- इस बयान का मतलब है कि एफएए का मौजूदा सिस्टम इस तरह की तकनीकी स्थिति को संभालने के लिए पर्याप्त रूप से तैयार नहीं था। ऐसे में नेटवर्क अपग्रेड और राउटर से जुड़ी समस्या को ठीक करना जरूरी है, ताकि भविष्य में विमान और रडार के बीच कम्युनिकेशन बाधित न हो और उड़ानों का संचालन प्रभावित होने से बचाया जा सके।