जियो यूजर्स के डाटा लीक मामले में राजस्थान से इंजीनियरिंग स्टूडेंट गिरफ्तार

रिलायंस जियो के करीब 12 करोड़ यूजर्स के डाटा लीक मामले में 1 युवक को गिरफ्तार किया गया है। युवक की गिरफ्तारी राजस्थान से मंगलवार की शाम हुई है। बता दें कि रविवार को Magicapk.com वेबसाइट पर जियो के कई यूजर्स के डाटा अपलोड कर दिए गए थे जिनमें आधार नंबर, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी जैसी जानकारियां थीं।
डाटा लीक होने के बाद कंपनी ने कहा था कि लीक हुए डाटा सही नहीं हैं, हालांकि इसकी जांच हो रही है और दोषियों को कड़ी कार्रवाई होगी। इस लीक मामले पर साइबर एक्सपर्ट का कहना है कि भारतीय टेलीकॉम फर्म में यह अब तक का सबसे बड़ा डाटा लीक है।
स्थानिय पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए युवक का नाम इमरान चिमप्पा है और वह चुरू जिले के सूरजगढ़ का रहने वाला है। वहीं नवी मुंबई पुलिस और मुंबई साइबर सेल के मुताबिक इमरान इंजीनियरिंग का स्टूडेंट है। राजस्थान पुलिस ने इमरान को मुंबई पुलिस को सौंप दिया है।