Jio Free Services: जियो के इन ग्राहकों को लगी लॉटरी, दो दिन फ्री में मिल रहा अनलिमिटेड इंटरनेट
पांच फरवरी 2022 को रिलायंस जियो की सर्विस मुंबई में ठप पड़ गई थी। मुंबई सर्किल कई इलाकों के यूजर्स ना कॉल कर पा रहे थे और ना ही इंटरनेट इस्तेमाल कर पा रहे थे।

विस्तार
रिलायंस जियो ने अपने ग्राहकों की सुविधा को लेकर एक बड़ा एलान किया है। जियो ने अपने ग्राहकों को दो दिनों तक अनलिमिटेड इंटरनेट देने का वादा है। दरअसल मुंबई सर्किल में पांच फरवरी को जियो का इंटरनेट ठप पड़ गया था जिससे जियो फाइबर और जियो दोनों ग्राहकों को बड़ी परेशानी हुई थी। जियो ने दो दिनों तक फ्री डाटा का एलान यूजर्स को हुए नुकसान के भरपाई के तौर पर किया है। जियो ने इस संबंध में अपने ग्राहकों को मैसेज भी भेजे हैं।
मुंबई सर्किल के ग्राहकों को जियो की ओर से छह फरवरी को दोपहर 12 बजे एक मैसेज मिला है जिसमें लिखा है, 'प्रिय जियो उपभोक्ता आपकी सेवा की गुणवत्ता हमारी सर्वोच्च प्रार्थमिकता है। आज सुबह, दुर्भाग्यवश, आपको और मुंबई के कुछ अन्य ग्राहकों को सेवा में रुकावट का सामना करना पड़ा। हमारी टीम ने इस नेटवर्क संबंधी समस्या को कुछ ही घंटों में हल कर दिया था लेकिन हम समझते हैं की आपके लिए यह एक सुखद अनुभव नहीं हुआ होगा और हम इसके लिए क्षमा चाहते हैं। अतः हम आपके नंबर पर दो दिनों का असीमित डाटा प्लान निशुल्क लगा रहे हैं जो आज रात तक लग जायेगा। यह निशुल्क प्लान आपके वर्तमान प्लान की वैधता समाप्त होने पर स्वतः चालू हो जायेगा। आपकी सेवा के अनुभव को सर्वोच्च महत्त्व देना हमारी प्रार्थमिकता है। जियो की ओर से सप्रेम'
पांच फरवरी 2022 को रिलायंस जियो की सर्विस मुंबई में ठप पड़ गई थी। मुंबई सर्किल कई इलाकों के यूजर्स ना कॉल कर पा रहे थे और ना ही इंटरनेट इस्तेमाल कर पा रहे थे। पिछले चार महीने में यह दूसरा मौका था जब मुंबई में जियो की सेवाएं ठप पड़ी थीं। कई यूजर्स ने जियो फाइबर के साथ भी दिक्कत आने की भी शिकायत की थी। मध्यप्रदेश के यूजर्स को भी परेशानी हुई थी। यूजर्स को छह फरवरी की सुबह भी परेशानी हुई।
मुंबई में रिलायंस जियो के यूजर्स को इंटरनेट इस्तेमाल के दौरान Not registered on network के मैसेज मिल रहे थे। Jio यूजर्स ने ट्विटर पर अपनी शिकायतें की थीं। यूजर्स का दावा था कि किसी भी नंबर पर कॉल लगाने पर कॉल नहीं लग रहा। जियो से जियो के नंबर पर और जियो से दूसरे नंबर पर दोनों स्थिति में कॉल करने में दिक्कत आ रही थी। मुंबई सर्किल में जियो की सर्विस डाउन होने की पुष्टि डाउनडिटेक्टर ने भी की थी।