Reliance Jio: 70.3 लाख ग्राहकों के साथ रिलायंस जियो बनी सबसे बड़ी वायरलाइन कंपनी, BSNL को छोड़ा पीछे
नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, जियो ने मोबाइल ग्राहक आधार, वायरलाइन ब्रॉडबैंड और वायरलाइन तीनों श्रेणियों में शीर्ष स्थान हासिल किया है।

विस्तार
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, रिलायंस जियो 7.3 मिलियन (70.3 लाख) ग्राहकों के साथ वायरलाइन सेवा देने वाली सबसे बड़ी कंपनी बन गई है। इसने सरकारी बीएसएनएल को पीछे छोड़ दिया है, जिसके 7.1 मिलियन (70.1 लाख) ग्राहक हैं। ट्राई ने मंगलवार को अगस्त 2022 को समाप्त महीने के लिए मासिक ग्राहक डेटा जारी किया। ट्राई के आंकड़ों के अनुसार, रिलायंस जियो ने अगस्त में 32.8 लाख नए ग्राहक जोड़े, जबकि भारती एयरटेल ने 3.2 लाख ग्राहक जोड़े, जबकि वोडाफोन आइडिया ने 19.6 लाख ग्राहक खो दिए। 32.8 लाख मोबाइल के नवीनतम जोड़ के साथ जियो के ग्राहकों की संख्या बढ़कर 419.24 मिलियन हो गई है। 363.8 मिलियन ग्राहकों के साथ एयरटेल दूसरे स्थान पर है।
मोबाइल ग्राहक आधार, वायरलाइन ब्रॉडबैंड और वायरलाइन तीनों श्रेणियों में जियो अव्वल
नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, जियो ने मोबाइल ग्राहक आधार, वायरलाइन ब्रॉडबैंड और वायरलाइन तीनों श्रेणियों में शीर्ष स्थान हासिल किया है। ट्राई के आंकड़ों के अनुसार, शीर्ष तीन वायर्ड ब्रॉडबैंड सेवा प्रदाताओं में रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड 6.56 मिलियन, भारती एयरटेल 5.13 मिलियन और बीएसएनएल के 3.88 मिलियन ग्राहक थे। भारत में टेलीफोन उपभोक्ताओं की संख्या जुलाई-22 के अंत में 1,173.66 मिलियन से बढ़कर अगस्त 2022 के अंत में 1,175.08 मिलियन हो गई, जिसमें मासिक वृद्धि दर 0.12 प्रतिशत है।
कुल शहरी टेलीफोन सब्सक्रिप्शन में हुई बढ़ोतरी
आंकड़ों के अनुसार, शहरी टेलीफोन सब्सक्रिप्शन जुलाई-22 के अंत में 650.40 मिलियन से बढ़कर अगस्त-22 के अंत में 651.07 मिलियन हो गया और इसी अवधि के दौरान ग्रामीण सब्सक्रिप्शन भी 523.26 मिलियन से बढ़कर 524.01 मिलियन हो गया। ट्राई ने कहा कि अगस्त 2022 के महीने में शहरी और ग्रामीण टेलीफोन सदस्यता की मासिक वृद्धि दर क्रमशः 0.10 प्रतिशत और 0.14 प्रतिशत थी। भारत में समग्र टेली-घनत्व जुलाई 2022 के अंत में 85.11 प्रतिशत से बढ़कर अगस्त 2022 के अंत में 85.15 प्रतिशत हो गया। शहरी टेली-घनत्व जुलाई 2022 के अंत में 134.78 प्रतिशत से घटकर 134.71 प्रतिशत हो गया। हालांकि, अगस्त 2022 के अंत तक इसी अवधि के दौरान ग्रामीण टेली-घनत्व 58.37 प्रतिशत से बढ़कर 58.44 प्रतिशत हो गया।
अगस्त 2022 के अंत तक कुल टेलीफोन उपभोक्ताओं में शहरी और ग्रामीण उपभोक्ताओं की हिस्सेदारी क्रमशः 55.41 प्रतिशत और 44.59 प्रतिशत थी। वायरलाइन ग्राहकों की संख्या जुलाई-22 के अंत में 25.63 मिलियन से बढ़कर अगस्त 2022 के अंत में 25.97 मिलियन हो गई। 1.34 प्रतिशत की मासिक वृद्धि दर के साथ वायरलाइन ग्राहक आधार में शुद्ध वृद्धि 34 हजार थी। अगस्त, 2022 के अंत तक कुल वायरलाइन ग्राहकों में शहरी और ग्रामीण ग्राहकों की हिस्सेदारी क्रमशः 92.35 प्रतिशत और 7.65 प्रतिशत थी।