पार्ट टाइम जॉब: असिस्टेंट प्रोफेसर को लगा 21 लाख रुपये का चूना, आप भी फंस सकते हैं इस जाल में

प्रदीप पाण्डेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीप्रदीप पाण्डेय
Fri, 06 Oct 2023 09:45 AM IST
सार

प्रोफेसर साहब से टेलीग्राम के जरिए एक फॉर्म भरवाया गया और 1,000 रुपये निवेश करने के लिए कहा गया। इस निवेश के बाद उन्हें 1,300 रुपये वापस मिल गए जिसके बाद उन्हें यकीन हो गया कि यह ठगी नहीं है।

Pune professor ends up losing Rs 21 lakh in scam after places multiple orders on Amazon
part time job - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    ऑनलाइन और पार्ट टाइम जॉब का स्कैम आजकल काफी तेजी से हो रहा है। आए दिन साइबर ठग लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। लोगों के व्हाट्सएप नंबर से लेकर टेक्स्ट मैसेज के इनबॉक्स में भी पार्ट टाइम जॉब के मैसेज आ रहे हैं और लोग इस झांसे में फंस जा रहे हैं। ताजा मामला पुणे का है।

    पुणे के एक असिस्टेंट प्रोफेसर को ऑनलाइन जॉब के चक्कर में 21 लाख रुपये का चूना लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित को अमेजन में पार्ट टाइम जॉब के लिए मैसेज मिला था। मैसेज में दिए गए नंबर पर कॉल करने के बाद जॉब की शुरुआत हुई और 21 लाख नुकसान होने के बाद खत्म हुई।

    रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित के साथ यह स्कैम मई 2021 से दिसंबर 2022 के बीच हुआ है। प्रोफेसर ने अमेजन से एक के बाद एक कई सारे ऑर्डर किए जिसके बाद 21 लाख रुपये का नुकसान हुआ। पीड़ित को व्हाट्सएप पर जॉब के लिए मैसेज मिला था।

    पीड़ित से कहा गया था कि उनकी एक वेबसाइट है जो कि अमेजन के साथ एफलिएटेड है और उस साइट से ऑर्डर करने के बाद अमेजन की ओर से उसे कमीशन मिलेगा। इसके बाद प्रोफेसर साहब ने ठगों की साइट से कई सारे ऑर्डर किए जिनकी कुल कीमत 21 लाख रुपये की थी।

    प्रोफेसर साहब से टेलीग्राम के जरिए एक फॉर्म भरवाया गया और 1,000 रुपये निवेश करने के लिए कहा गया। इस निवेश के बाद उन्हें 1,300 रुपये वापस मिल गए जिसके बाद उन्हें यकीन हो गया कि यह ठगी नहीं है।

    उसके बाद प्रोफेसर ने 2,000 निवेश किए तो 3,000 रिटर्न मिला और 3,000 निवेश करने के बाद 6,500 रुपये का रिटर्न मिला। उसके बाद उन्होंने करीब 6.75 लाख रुपये निवेश किए। उसके बाद ठगों ने कहा कि इसका रिटर्न उन्हें देर से मिलेगा और ठगों ने यह भी कहा कि निवेश करते रहना होगा नहीं तो एक पैसे भी नहीं मिलेगा। इस तरह पैसे निकालने के चक्कर में प्रोफेसर ने कुल 21 लाख रुपये गंवा दिए।

    इस तरह का स्कैम आपके साथ भी हो सकता है। इस तरह के किसी भी मैसेज के झांसे में ना आएं और किसी भी कीमत पर अपनी निजी जानकारी शेयर ना करें और ना ही किसी तरह का कोई निवेश करें।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें