Scam: भारी मुनाफे के लालच में स्कैम का शिकार हो रहे लोग, पुणे में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 98 लाख की ठगी

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Mon, 29 Dec 2025 03:35 PM IST
सार

ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। पुणे के थेरगांव इलाके में शेयर बाजार में भारी मुनाफे का झांसा देकर एक 56 वर्षीय व्यक्ति से 98 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।

Pune Investment Scam: Man Loses ₹98 Lakh After Falling for ‘High Return’ Stock Market Trap
ऑनलाइन ठगी के लगातार बढ़ रहे हैं मामले (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : FREEPIK

    विस्तार

    ऑनलाइन निवेश और शेयर बाजार के बढ़ते क्रेज के बीच स्कैमर्स नए-नए तरीके अपना रहे हैं। पुणे के थेरगांव इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको चौंका दिया है। यहां एक 56 वर्षीय व्यक्ति ने शेयर बाजार में भारी रिटर्न के लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई के 98 लाख रुपये गंवा दिए। पिंपरी-चिंचवाड़ साइबर पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। आइए जानते हैं कि यह स्कैम कैसे हुआ और आप इससे कैसे बच सकते हैं।

    कैसे शुरू हुआ ठगी का खेल?

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सितंबर महीने में शुरू हुई। पीड़ित एक प्राइवेट कंपनी में कर्मचारी हैं, उन्हें एक मोबाइल मैसेजिंग ग्रुप में जोड़ा गया। इस ग्रुप का नाम और ब्रांडिंग देश की एक प्रतिष्ठित इन्वेस्टमेंट कंपनी से मिलती-जुलती थी। इसी वजह से पीड़ित को लगा कि यह ग्रुप असली है और उन्होंने भरोसा कर लिया। स्कैमर्स ने वादा किया कि अगर वे उनके जरिए शेयर बाजार में निवेश करते हैं तो उन्हें 15% से ज्यादा का रिटर्न मिलेगा। ठगों ने पीड़ित से एक मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करवाया। उन्हें बताया गया कि यह एप ट्रेडिंग करने और अपना मुनाफा ट्रैक करने के लिए है।

    पहले लिया भरोसे में, फिर की ठगी

    जैसे ही पीड़ित ने निवेश करना शुरू किया, उस फर्जी एप पर उनका पैसा और मुनाफा लगातार बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा था। इससे उनका विश्वास और पक्का हो गया। सितंबर से नवंबर के बीच पीड़ित ने स्कैमर्स के बताए कई अलग-अलग बैंक खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर की। हर बार एप पर अच्छे रिटर्न दिखते थे, जिससे वे और ज्यादा पैसा निवेश करने के लिए प्रेरित होते रहे।

    जब पैसा निकालने की बारी आई तो हो गई ठगी

    असली खेल तब शुरू हुआ जब पीड़ित ने अपने मुनाफे को निकालने की कोशिश की। स्कैमर्स ने पैसे देने के बजाय उनसे और निवेश करने की मांग की। उन्हें आईपीओ खरीदने के नाम पर और पैसा डालने को कहा गया। कुल 98 लाख रुपये ट्रांसफर करने के बाद जब बार-बार कोशिश करने पर भी पैसा नहीं निकला, तो पीड़ित को शक हुआ। उन्होंने ठगों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। तब उन्हें एहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं और उन्होंने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

    लगातार बढ़ रहे हैं ऐसे मामले

    यह कोई पहली घटना नहीं है। पुलिस ने बताया कि पिछले कुछ हफ्तों में ऐसे ऑनलाइन ट्रेडिंग स्कैम तेजी से बढ़े हैं। एक अन्य मामले में, एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने 95.2 लाख रुपये गंवाए। इसके अलावा गुजरात के भुज में एक व्यक्ति से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 16 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी कर ली गई। पुणे के हडपसर में भी एक निवासी के साथ 1.2 करोड़ रुपये की ठगी हुई।

    कैसे रखें खुद को सुरक्षित?

    पिंपरी-चिंचवाड़ साइबर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन निवेश करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें। अगर कोई आपको बहुत कम समय में बहुत ज्यादा या निश्चित रिटर्न का वादा कर रहा है, तो यह स्कैम हो सकता है। किसी भी एप को डाउनलोड करने या ग्रुप में जुड़ने से पहले, उसकी आधिकारिक वेबसाइट और सेबी रजिस्ट्रेशन की जांच जरूर करें। निवेश हमेशा आधिकारिक डीमैट खातों के माध्यम से करें, किसी व्यक्ति के पर्सनल बैंक खाते से कोई भी निवेश न करें।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें