पीएचपी सुरक्षा खामी: यूरोप-जापान समेत कई देशों की सरकारी वेबसाइटों पर संकट, अमेरिकी एजेंसी ने जारी की एडवाइजरी

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Thu, 22 Oct 2026 09:45 AM IST
सार

दुनिया के अधिकांश सर्वर और वेबसाइट्स को चलाने वाली प्रोग्रामिंग लैंग्वेज पीएचपी में एक बेहद खतरनाक सुरक्षा खामी पाई गई है। यह खामी हैकर्स को बिना किसी यूजरनेम या पासवर्ड के सीधे वेब सर्वर का कंट्रोल हथियाने की ताकत देती है। इसे लेकर अमेरिका की दो सुरक्षा एजेंसी ने तुरंत पैच अपडेट करने की सख्त एडवाइजरी जारी की है। आइए जानते हैं एडवाइजरी में क्या कहा गया है...

PHP2Shell Security Alert, NSA Advises Organizations Patch Vulnerable Systems Immediately
PHP2Shell को लेकर एडवाइजरी जारी - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    वेबसाइट चलाने वाली कंपनियों और इंटरनेट से जुड़े सर्वर की सुरक्षा संभालने वाले संगठनों के लिए साइबर सुरक्षा से जुड़ी एक चेतावनी सामने आई है। एनएसए यानी की अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी ने PHP2Shell नाम से पहचानी गई सुरक्षा कमजोरियों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। इन खामियों का फायदा उठाकर साइबर हमलावर प्रभावित वेब सर्वर पर बिना पहले से एक्सेस या लॉगिन की जानकारी के नियंत्रण हासिल कर सकते हैं।

    इतना ही नहीं, यह खतरा केवल सर्वर तक ही सीमित नहीं है। इसमें अगर हमलावर किसी प्रभावित सिस्टम में घुसने में कामयाब हो जाते हैं, तो वे संवेदनशील डेटा चुरा सकते हैं, ऑनलाइन सेवाओं को बाधित कर सकते हैं या नेटवर्क के दूसरे हिस्सों तक पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में संगठन के लिए प्रभावित सिस्टम की पहचान करना, सुरक्षा अपडेट लागू करना और सर्वर की गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी हो गया है।

    आखिर क्या है PHP2Shell और क्यों जारी हुई चेतावनी?

    • आसान तरीके से कहें तो पीएचपी एक ऐसी भाषा है, जो किसी भी वेब सर्वर पर सीधे काम कर सकती है और डायनामिक यानी बदलने वाले वेब पेज के लिए एचटीएमएल के साथ जोड़ी जाती है, क्योंकि इसका इस्तेमाल बहुत बड़े पैमाने पर होता है। इसलिए इसमें छोटी सी भी खराबी किसी बहुत बड़े साइबर अपराधी का फायदा करवा सकती है।
    • इसकी सबसे डरावनी बात यह है कि इसका फायदा उठाने के लिए हैकर्स को किसी पुराने एक्सेस, यूजरनेम या पासवर्ड की जरूरत ही नहीं है। हमलावर बाहर से ही सीधे आपके प्रभावित वेब सर्वर पर पूरा नियंत्रण पा सकते हैं।
    • इन कमजोरियों को सामूहिक रूप से PHP2Shell नाम दिया गया है। NSA ने ऐसे साइबर हमलावरों की पहचान करने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने को प्राथमिकता देने की बात कही है, जो इन खामियों का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं।

    बिना लॉगिन के सर्वर पर कब्जे का खतरा

    • संवेदनशील डेटा की चोरी:सर्वर पर मौजूद जरूरी जानकारी तक पहुंचने और उसे चुराने का खतरा हो सकता है।
    • ऑनलाइन सेवाओं में रुकावट: वेबसाइट या दूसरी डिजिटल सेवाएं बाधित हो सकती हैं।
    • नेटवर्क में आगे बढ़ने का जोखिम:हमलावर शुरुआती पहुंच का इस्तेमाल नेटवर्क के दूसरे हिस्सों तक पहुंचने की कोशिश में कर सकते हैं।
    • एनएसए ने क्या कहा?:एनएसए का कहना है कि इन कमजोरियों का संबंध सीधे पीएचपी सॉफ्टवेयर से है, न कि किसी होस्टेड एप्लिकेशन या उसकी कॉन्फिगरेशन से। इसलिए प्रभावित पीएचपी वर्जन चलाने वाले सर्वर जोखिम में हो सकते हैं।

    पीएचपी ने क्या सुरक्षा पैच जारी किया?

    • इस खतरे से निपटने के लिए पीएचपी ने अपने ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर का सुरक्षा पैच जारी किया। इसके अलावा, दूसरे सॉफ्टवेयर विक्रेता भी अपने-अपने प्रोडक्ट्स के लिए अपडेट उपलब्ध करा सकते हैं। ऐसे में केवल पीएचपी का अपडेट देखना ही काफी नहीं माना जा सकता है। संगठनों को उन हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर सेवाओं की भी पहचान करनी चाहिए, जो प्रभावित पीएचपी वर्जन पर निर्भर हैं। खास तौर पर इंटरनेट से सीधे जुड़े सर्वर और सेवाओं की जांच करना जरूरी है।
    • एनएसए ने सलाह दी है कि PHP2Shell से स्पष्ट रूप से संबंधित विक्रेता पैच को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही, आने वाले हफ्तों में इंटरनेट से जुड़े उपकरणों और PHP पर निर्भर सेवाओं की निगरानी बढ़ाई जाए।

    संगठनों को तुरंत क्या करना चाहिए?

    साइबर सुरक्षा से जुड़े जोखिम को कम करने के लिए संगठनों को कुछ जरूरी कदम उठाने चाहिए। जो नीचे बताए गए हैं...

    1. प्रभावित सिस्टम की सूची तैयार करें

    सबसे पहले यह पता लगाएं कि संगठन के किन सर्वर, हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर सेवाओं में प्रभावित या कमजोर पीएचपी वर्जन का इस्तेमाल हो रहा है। इस काम को जल्द से जल्द पूरा करना जरूरी है, ताकि किसी प्रभावित सिस्टम की अनदेखी न हो।

    2. सुरक्षा पैच को प्राथमिकता दें

    पीएचपी और संबंधित सॉफ्टवेयर विक्रेताओं की ओर से जारी सुरक्षा अपडेट पर नजर रखें। PHP2Shell से संबंधित पैच उपलब्ध होने पर उसे प्राथमिकता के आधार पर लागू करें। पैच लगाते समय संबंधित सिस्टम और सेवाओं की जरूरतों का भी ध्यान रखें।

    3. सर्वर की निगरानी बढ़ाएं

    इसी के साथ जब तक सभी प्रभावित सॉफ्टवेयर पैकेजों के लिए पैच उपलब्ध नहीं हो जाते, तब तक इंटरनेट से जुड़े सर्वर और सेवाओं की गतिविधियों पर नजर रखें। एनएसए ने नेटवर्क और ऑपरेशनल वातावरण में बेहतर लॉगिंग की व्यवस्था करने का सुझाव दिया है। इससे सिस्टम की गतिविधियों को रिकॉर्ड करने और संभावित संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने में मदद मिल सकती है।

    4. पुराने पीएचपी सिस्टम को बदलने पर विचार करें

    अगर कोई पीएचपी सेवा अपने इस्तेमाल की अवधि पूरी कर चुकी है और उसे सुरक्षा पैच के साथ अपडेट करना संभव नहीं है, तो उसे बदलने की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे एंड-ऑफ-लाइफ सिस्टम को लंबे समय तक चलाते रहना सुरक्षा जोखिम बढ़ा सकता है।

    5. अपडेट संभव न हो तो सिस्टम ऑफलाइन रखें

    अगर किसी प्रभावित सिस्टम को तुरंत अपडेट नहीं किया जा सकता, तो उसे पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाने तक ऑफलाइन रखने की सलाह दी गई है। यह कदम खास तौर पर उन सिस्टम के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है, जिनकी सुरक्षा कमजोरी का फायदा इंटरनेट के जरिए उठाया जा सकता है।

    पैच और सुरक्षा निर्देश कहां मिलेंगे?

    • PHP2Shell से जुड़े नए अपडेट और सुरक्षा उपायों की जानकारी के लिए संगठनों को PHP.net के सिक्योरिटी एडवाइजरी पेज पर नजर रखनी चाहिए। इसके अलावा, संबंधित सॉफ्टवेयर विक्रेताओं की ओर से जारी सुरक्षा सूचनाओं और पैच को भी नियमित रूप से जांचना जरूरी है।
    • क्योंकि अलग-अलग सॉफ्टवेयर पैकेजों के लिए अपडेट अलग समय पर आ सकते हैं, इसलिए एक बार पैच लगाने के बाद निगरानी बंद करना सही कदम नहीं होगा। संगठनों को यह भी जांचना चाहिए कि उनके सभी प्रभावित सिस्टम पर जरूरी अपडेट लागू हुए हैं या नहीं।

    अमेरिकी सरकारी एजेंसियों के लिए तुरंत पैचिंग पर जोर

    • एनएसए ने इस खतरे को गंभीर बताते हुए कहा है कि संयुक्त राज्य अमेरिका की सरकारी एजेंसियों और विभागों में प्रभावित सिस्टम को तुरंत पैच करने की जरूरत है। साइबर हमलावरों की ओर से PHP2Shell कमजोरियों का इस्तेमाल किए जाने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा उपायों में देरी से बचने की सलाह दी गई है।
    • आगे भी एनएसए, आईसी यानी इंटेलिजेंस कम्यूनिटी या खुफिया समुदाय के विशेषज्ञों और साइबर सुरक्षा एवं इंफ्रास्ट्रक्चर सुरक्षा एजेंसी (CISA) के साथ मिलकर संभावित अमेरिकी सरकार और राष्ट्रीय सुरक्षा सेवाओं से जुड़ी कमजोरियों की पहचान करने और उनका समाधान करने पर काम करेगा।
    • एजेंसी ने यह भी कहा है कि वह अपने सैन्यकर्मियों और घरेलू व विदेशी साझेदारों के साथ मिलकर सामूहिक साइबर रक्षा और खतरों की पहचान करने की क्षमता को बेहतर बनाने के प्रयास जारी रखेगी।

    आम यूजर और कंपनियों पर क्या पड़ सकता है असर?

    • PHP2Shell का सीधा जोखिम उन सर्वर और सेवाओं पर पड़ सकता है, जो प्रभावित पीएचपी वर्जन का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि, ऐसी सेवाओं में सेंध लगने से वेबसाइट्स, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और नेटवर्क पर निर्भर दूसरे कामकाज भी प्रभावित हो सकते हैं।
    • कंपनियों के लिए समय पर पैच लगाना, पुराने सिस्टम की पहचान करना और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना नुकसान का जोखिम कम करने के अहम तरीके हैं। वहीं, वेबसाइट और सर्वर संभालने वाले तकनीकी विशेषज्ञों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई प्रभावित सेवा अपडेट के बिना इंटरनेट से जुड़ी न रहे।
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें