Elon Musk का एलान: किया यह काम तो हमेशा के लिए बैन होगा अकाउंट, चेतावनी भी नहीं मिलेगी
एलन मस्क ने अपने एक ट्वीट में कहा है कि नाम बदलकर ट्विटर इस्तेमाल करने वाले या अपनी पहचान छिपाकर रहने वालों के लिए ट्विटर पर कोई जगह नहीं है। किसी और के नाम से या पैरोडी अकाउंट इस्तेमाल करने वालों को अब चेतावनी भी नहीं दी जाएगी।

विस्तार
ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क अब पूरे फॉर्म में हैं। हाल ही में एलन मस्क ने ब्लू टिक के लिए आठ डॉलर का एलान किया है और अब अब एलन मस्क ने एक और बड़ा फैसला लिया है। एलन मस्क ने कहा है कि पैरोडी अकाउंट बिना चेतावनी दिए हमेशा के लिए बैन किए जाएंगे। एलन मस्क ने अपने एक ट्वीट में कहा है कि नाम बदलकर ट्विटर इस्तेमाल करने वाले या अपनी पहचान छिपाकर रहने वालों के लिए ट्विटर पर कोई जगह नहीं है। किसी और के नाम से या पैरोडी अकाउंट इस्तेमाल करने वालों को अब चेतावनी भी नहीं दी जाएगी और उनका अकाउंट हमेशा के लिए बैन कर दिया जाएगा। इसके अलावा एलन मस्क ने यह भी कहा है कि यदि कोई वेरिफाइड अकाउंट अपना नाम बदलता है तो अस्थायी तौर पर उसका ब्लू टिक वापस ले लिया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि ट्विटर को दुनिया के बारे में किसी भी जानकारी का अब तक का सबसे सटीक सोर्स बनाने की जरूरत है और यही हमारा मिशन है। अभिव्यक्ति की आजादी के लिए मेरी प्रतिबद्धता जारी है, लेकिन यदि कोई नियमों का पालन नहीं करता है तो उसके अकाउंट बैन भी होंगे।बड़े स्तर पर वेरिफिकेशन पत्रकारिता का लोकतंत्रीकरण करेगा और लोगों की आवाज को सशक्त करेगा।
बता दें कि एलन मस्क ने यह एलान पांच नवंबर 2022 को एलन मस्क के नाम से हिंदी में लगातार ट्वीट करने वाले ऑस्ट्रेलियाई हिंदी प्रोफेसर इयान वुलफोर्ड के अकाउंट के सस्पेंड होने के बाद आया है।इयान का ट्विटर हैंडल @iawoolford लेकिन उन्होंने अपना नाम, बायो, प्रोफाइल फोटो और कवर फोटो एलन मस्क वाली इस्तेमाल किया था जिसके बाद उनके अकाउंट को सस्पेंड कर दिया गया। इयान वुलफोर्ड ने भोजपुरी के सबसे लोकप्रिय गाने लॉलीपॉप लागेलू का लिरिक्स भी ट्वीट किया था। इसके अलावा उनके अकाउंट से “ट्विटर तेरे टुकड़े होंगे” गैंग को भी $8 देने पड़ेंगे" जैसे ट्वीट भी किए गए।